कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 9 निवासी खुर्शीद गद्दी का बेटा सलीम अली (28) के रूप में हुई है।
.
मृतक के परिजनों ने मोहनिया थाने में 20 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है। उन्होंने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे लगातार पूछताछ जारी है।
मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आई है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
पुलिस बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।
