बिहार में पछुआ हवा ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज भी पूरे बिहार में घने कोहरे और कोल्ड-डे ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है।
.
विभाग के मुताबिक, राजधानी पटना में आज दोपहर में धूप निकल सकती है। हालांकि, पछुआ हवा की वजह से कनकनी बढ़ने की संभावना है। पटना में 30 दिसंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पिछले 24 घंटे के दौरान 6.7 डिग्री के साथ सहरसा सबसे ठंडा जिला रहा। भागलपुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और गया में 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह आंकड़े आने वाले दिनों में और नीचे जा सकते हैं।
इधर, गुरुवार को घने कोहरे के कारण मुंगेर में 5 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हालांकि, किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
बिहार के ग्रामीण इलाकों में भी ठंड के साथ घना कोहरा देखने को मिल रहा।

घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है।

घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की चेतावनी ।
पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने तापमान में तेजी से गिरावट ला दी है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव
आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट फिर दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले में निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है।
