BCCI को कभी बड़े भाई जैसा मानने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अब भारत में ही खेलने से मना कर दिया है। वहीं पाकिस्तान भी कह रहा है कि हम बांग्लादेश का साथ देंगे। भारत-श्रीलंका की मेजबानी में होने वाला T20 वर्ल्ड कप शुरू होने में महज 2 हफ्ते बाकी है
.
ऐसे में बांग्लादेश के बायकॉट से उसे क्या घाटा होगा, क्या पाकिस्तान भी मैच नहीं खेलेगा और भारत पर क्या असर पड़ेगा; जानेंगे भास्कर एक्सप्लेनर में…
सवाल-1: बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप बायकॉट क्यों किया?
जवाब: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB ने सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत में न खेलने का फैसला किया है। BCB चाहता था कि उसके T20 वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में हों, लेकिन ICC ने इससे इनकार कर दिया।
बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने कहा, ‘हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता है।’
सुरक्षा से जुड़ी इस वजह के अलावा बांग्लादेशी टीम के भारत न आने की 2 छिपी वजहें भी हैं…
1. मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करना
IPL की टीम KKR ने बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपए में खरीदा, लेकिन भारत में इसका विरोध होने लगा। BCCI ने KKR से उन्हें रिलीज करने को कहा। 3 जनवरी को KKR ने ऐसा कर दिया। BCB ने इसे अपमान माना और IPL का टेलिकास्ट बैन कर दिया। यहीं से ये विवाद शुरू हुआ।
2. भारत-बांग्लादेश में बिगड़ते हालात और रिश्ते
पिछले कुछ महीनों में भारत और बांग्लादेश के डिप्लोमेटिक रिलेशंस बेहद खराब हुए हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और हत्या होने के बाद भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों और कलाकारों के विरोध की बात होने लगी। बिगड़ते माहौल का हवाला देते हुए बांग्लादेश सरकार ने टीम भेजने से मना कर दिया।
हालांकि BCB के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा कि हम ICC से एक बार फिर बात करेंगे और कहेंगे कि वे हमारी चिंताओं पर ध्यान दें। बांग्लादेश इस मसले पर अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
बांग्लादेश के बायकॉट के फैसले के बाद अब उसकी जगह स्कॉटलैंड की टीम T20 वर्ल्ड कप में खेल सकती है।
22 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल।
सवाल-2: वर्ल्ड कप न खेलने से बांग्लादेश को क्या-क्या नुकसान होगा?
जवाब: वर्ल्ड कप न खेलने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से लेकर बांग्लादेश में बिजनेस को अच्छा-खासा नुकसान हो सकता है…
पार्टिसिपेशन फीस नहीं मिलेगी, बोर्ड का घाटा
- वर्ल्ड कप में खेलने वाली हर टीम को ICC पार्टिसिपेशन मनी देती है। वर्ल्ड कप 2024 में हर टीम को 2.5 लाख डॉलर मिले थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार हर टीम को 3 लाख डॉलर यानी करीब 2.7 करोड़ रुपए मिलते। यह पैसा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के खाते में जाता। अब उन्हें यह पैसे नहीं मिलेंगे।
- इसके अलावा टूर्नामेंट में 5वें से 12वें पायदान पर रहने वाली टीम को 4.5 लाख डॉलर यानी करीब 4.1 करोड़ रुपए मिलते। वहीं टूर्नामेंट जीतने पर करीब 27.5 करोड़ रुपए और रनर-अप बनने पर करीब 14.7 करोड़ रुपए मिलते।
मैच जीतने पर भी फीस मिलती है, इसका नुकसान
- हर मैच में एक खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिलता है। इसके अलावा खिलाड़ियों को बेस्ट स्ट्राइक रेट, सबसे ज्यादा छक्के मारने, अच्छा कैच लेने के लिए भी अवॉर्ड मिलते हैं।
- यह अवॉर्ड टूर्नामेंट के स्पॉनसर्स की तरफ से होते हैं, लेकिन यह भी बोर्ड के पास ही जाते हैं। अब BCB को यह पैसा भी नहीं मिलेगा।
स्पॉन्सर और कॉमर्शियल लॉस
- टेलिकॉम कंपनी रोबी एक्सिआटा लिमिटेड 2027 तक बांग्लादेश क्रिकेट की टीम मुख्य स्पॉन्सर है। उसने BCB को 50 करोड़ टका यानी करीब 37.5 करोड़ रुपए दिए हैं।
- इसके अलावा बैवरेज कंपनी कोका-कोला, सिंगापुर की होटल और रिसॉर्ट चेन, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर अमारा भी BCB को स्पॉन्सर करती है। वर्ल्ड कप एक इंटरनेशनल इवेंट है, जिससे इन कंपनियों को ग्लोबल एक्सपोजर मिलता है। इससे इनकी वैल्यू बढ़ती है।
- अब BCB का वर्ल्ड कप बायकॉट करने के बाद इन कंपनियों का नुकसान होगा। यह अपनी स्पॉन्सरशिप घटा भी सकती हैं और रद्द भी कर सकती हैं।
- इसके अलावा टीस्पोर्ट्स के पास बांग्लादेश के क्रिकेट मैचों के ब्रॉडकास्टिंग राइट है। अगर टीम मैच खेलती तो इसके चैनल पर मैच देखे जाते। बायकॉट से टीस्पोर्ट्स का भी नुकसान होगा।
रैंकिंग पर असर
- टूर्नामेंट में बांग्लादेश को पहले ग्रुप स्टेज में चार मैच खेलने थे। इसके बाद अगर वो सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लेता तो 3 मैच और खेलता। अब यह मैच नहीं खेलने से टीम की रैंकिंग में गिरावट आएगी। अभी बांग्लादेश वर्ल्ड T20 रैंकिंग में 9वें नंबर पर है।
दैनिक भास्कर डिजिटल के स्पोर्ट्स एडिटर बिक्रम प्रताप सिंह के मुताबिक बांग्लादेश ने पाकिस्तान से प्रभावित होकर फैसला तो ले लिया कि वह वर्ल्ड कप बायकॉट कर देगा, लेकिन ICC में पाकिस्तान का फिर भी दबदबा है। भारत-पाकिस्तान मैच से पूरे वर्ल्ड कप का 25% तक रेवेन्यू आता है, लेकिन बांग्लादेश के साथ ऐसा नहीं है। उसने वर्ल्ड कप बायकॉट कर अपना ही नुकसान किया है।
हालांकि BCB की फाइनेंस कमेटी के प्रमुख और अंतरिम सरकार के स्पोर्ट्स एडवाइजर नजमुल हुसैन ने हाल ही में कहा था कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप न खेलने से बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा। जो नुकसान होगा वो खिलाड़ियों को होगा।

2024 में मैच के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शंटो।
सवाल-3: वर्ल्ड कप न खेलने से बांग्लादेश के खिलाड़ियों को क्या नुकसान होगा
जवाब: वर्ल्ड कप न खेलने से बांग्लादेशी खिलाड़ियों के करियर और फाइनेंस को नुकसान होगा…
हर खिलाड़ी को साढ़े सात लाख का नुकसान
- बांग्लादेश के खिलाड़ियों को हर T20 मैच के लिए 2.5 टका यानी करीब 1.9 लाख रुपए मिलते हैं। जो खिलाड़ी ग्रुप स्टेज के सभी 4 मैच खेलता उसे 7.6 लाख रुपए मिलते। अब यह पैसे नहीं मिलेंगे।
- अभी बांग्लादेश की टीम ICC T20 रैंकिंग में 9वें स्थान पर है। यानी इसकी भी संभावना थी कि टीम दूसरे राउंड में पहुंचे, जिससे उसके खिलाड़ियों को और मैच खेलने को मिलते।
रैंकिंग पर असर
- अभी ICC की मेंस T20 बॉलिंग रैंकिंग में बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान 8वें स्थान पर हैं। वहीं बैटर्स की रैंकिंग में तनजिद हसन 17वें नंबर पर हैं।
- वर्ल्ड-कप एक बड़ा टूर्नामेंट है। मैच न खेलने पर खिलाड़ियों की रैंकिंग पर असर होगा। मुस्तफिजुर भी टॉप-10 की रैंकिंग से बाहर हो सकते हैं।
- वर्ल्ड कप खेलना खिलाड़ियों का सपना होता है। बायकॉट की वजह से टूर्नामेंट का एक्सपोजर नहीं मिलेगा।
स्पॉन्सर्स का पीछे हटना
- भारतीय स्पोर्ट्स इक्विपमेंट कंपनी SG बांग्लादेश के कई खिलाड़ियों को स्पॉन्सर करती है। इसमें बांग्लादेश के T20 कप्तान लिटन दास भी शामिल हैं।
- रिपोर्ट्स के मुताबिक SG अब बांग्लादेशी खिलाड़ियों की स्पॉन्सरशिप से पीछे हटने वाली है।

अक्टूबर 2024 में भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी। ये बांग्लादेश टीम का आखिरी भारत दौरा था।
सवाल-4: क्या ICC बांग्लादेश टीम के खिलाफ कोई एक्शन ले सकती है?
जवाब: ICC के पास कार्रवाई का अधिकार है। ICC के नियमों के मुताबिक वर्ल्ड कप का बायकॉट, मेंबर्स पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट के खिलाफ है। ऐसे मामलों में ICC आर्थिक दंड से लेकर सदस्यता निलंबन तक का फैसला ले सकती है।
पहले भी ICC सख्त कदम उठा चुकी है। 2019 में जिम्बाब्वे क्रिकेट को राजनीतिक दखल के कारण निलंबित किया गया था, जिससे वह 2020 में कोई ICC टूर्नामेंट नहीं खेल सका।
अगर ICC को लगता है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने राजनेताओं के दबाव में फैसला लिया है, तो ICC के सदस्य के तौर पर उसके निलंबन पर सोचा जा सकता है।
अगर बांग्लादेश टीम टूर्नामेंट से हटती है तो ICC उसे ग्रुप स्टेज में भागीदारी पर मिलने वाले लगभग 3 लाख डॉलर भी नहीं देगी। इसके अलावा बोर्ड को ICC से मिलने वाला 30–40 मिलियन डॉलर का सालाना हिस्सा भी रोका जा सकता है।
इसके अलावा ICC भविष्य में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बड़े टूर्नामेंट्स की मेजबानी का अधिकार भी छीन सकता है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्पॉन्सरशिप पर असर पड़ेगा।
सवाल-5: क्या पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप का बायकॉट कर सकता है?
जवाब: पाकिस्तान के वर्ल्ड कप बायकॉट करने की संभावना कम है क्योंकि उसके मैच पहले से ही भारत में नहीं होना तय है। पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में शेड्यूल हैं।
मीडिया रिपोर्ट भी हैं कि पाकिस्तान भले ही बांग्लादेश का साथ देगा, लेकिन वर्ल्ड कप का बायकॉट नहीं करेगा।
टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट्स ने PCB सूत्रों के हवाले से लिखा है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप न खेलने जैसा कदम नहीं उठाएगा। 20 जनवरी को भी ऐसी खबरें PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के हवाले से सामने आई हैं।
हालांकि 22 जनवरी को पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट Geo News में पब्लिश एक रिपोर्ट के मुताबिक, PCB सूत्रों का कहना है कि अगर बांग्लादेश भारत जाने से मना करता है तो पाकिस्तान भी टूर्नामेंट का बायकॉट करेगा।
पाकिस्तान के पूर्व कैप्टन राशिद लतीफ ने PCB को बायकॉट करने की सलाह भी दी है।

जुलाई 2025 में लाहौर में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था।
सवाल-6: बांग्लादेश के बायकॉट करने से क्या भारत को भी कोई नुकसान हो सकता है?
जवाब: बांग्लादेश के वर्ल्ड कप बायकॉट करने से भारत से ज्यादा बांग्लादेश को ही नुकसान होगा। इससे भविष्य में अब भारत भी बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार कर सकता है। जब भारत-बांग्लादेश के मैच होते हैं तो बांग्लादेश के ब्रॉडकास्टर और स्पॉन्सर सबसे ज्यादा कमाई करते हैं। IPL से भी यह कमाई करते हैं। भारत से संबंध खराब कर BCB अपना ही नुकसान कर रहा है।
हालांकि मैच टिकट और टूरिज्म से होने वाली कमाई का नुकसान भारत को झेलना पड़ेगा…
- BCCI को टिकट की कमाई में नुकसान: बांग्लादेश और भारत पड़ोसी हैं। दोनों में क्रिकेट का क्रेज हैं। बांग्लादेश के फैन्स उसके मैच देखने भारत आते और टिकट खरीदते। इससे होने वाली कमाई BCCI को मिलती, लेकिन अब ये पैसे नहीं मिलेंगे। हालांकि बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड वर्ल्ड कप में शामिल होने वाला है।
- टूरिज्म इंडस्ट्री को घाटा: बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के 4 में से 3 मैच कोलकाता में और एक मैच मुंबई में था। ढाका से दोनों जगह के लिए डायरेक्ट फ्लाइट है। मैच देखने आए फैंस घूमते-फिरते, लेकिन अब टूरिज्म इंडस्ट्री को भी नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट्स हैं कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप न खेलने से कोलकाता को 30-60 करोड़ रुपए का नुकसान होगा।
- भारत की छवि पर असर: पाकिस्तान पहले ही भारत में मैच खेलने बंद कर चुका है। अब बांग्लादेश ने भी सुरक्षा का हवाला देकर भारत आने से मना कर दिया है। इससे ग्लोबल लेवल पर भारत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठेंगे। भारत को एक बुली की तरह देखा जाएगा जो अपने पड़ोसियों को परेशान करता है।
*****
बांग्लादेश क्रिकेट विवाद से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर: बोर्ड बोला- भारत में नहीं खेलेंगे; ICC ने कल कहा था- इंडिया में ही खेलना होगा

बांग्लादेश ने गुरुवार को भारत में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद टीम का टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है। एक दिन पहले ही ICC ने स्पष्ट किया था कि बांग्लादेश के सभी ग्रुप मैच भारत में ही कराए जाएंगे। पूरी खबर पढ़िए…
