हरदोई के कासिमपुर और कछौना क्षेत्रों में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज गर्जना के साथ भारी बारिश हुई और कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। सुबह से शुरू हुई इस बारिश और ओलों के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बन गई और जनजीवन प्रभावित हुआ। इस मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कछौना और कासिमपुर के ग्रामीण इलाकों, विशेषकर रसूलपुर और ब्राह्मनान सरेहरी साइड में, खेतों में खड़ी सरसों, मटर और आलू की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों के अनुसार, इस समय फसलों में फूल और दाना पड़ रहा है। ऐसे में ओले गिरने से फसलें झड़ सकती हैं, जिससे पैदावार बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है। तेज हवाओं और ओलों के कारण राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने बताया कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण हुआ है और अगले 24 घंटों तक बादल छाए रहने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन ने कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना करने और फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इस अचानक हुई बारिश से ठंड एक बार फिर लौट आई है।
Source link
