इस्लामाबाद1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

तालिबान का पाकिस्तान पर हमले का यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच फिर से तनाव बढ़ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अब तक पाकिस्तानी सेना की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया है।
सूत्रों ने TOLOnews को बताया कि नंगरहार, नूरिस्तान, कुनार, खोस्त, पक्तिया और पक्तिका जैसे बॉर्डर इलाकों में दोनों पक्षों में संघर्ष जारी है। ये चौकियां नंगरहार के गोश्ता जिले और कुनार प्रांत में डूरंड लाइन के पास स्थित है। हालांकि अभी तक इससे जुड़े फोटो और वीडियो सामने नहीं आए हैं।
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि पाकिस्तान के हवाई हमलों का सैन्य तरीके से जवाब दिया जा रहा है।
दरअसल, पाकिस्तान ने कुछ दिन पहले अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान का कहना था कि ये हमले पाकिस्तानी तालिबान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े ठिकानों पर किए गए हैं।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया था कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे ऑपरेशन किए जाएंगे।
पाकिस्तान ने TTP और ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी
इससे पहले रविवार तड़के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की थी। पाकिस्तान का कहना था कि यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट (IS) से जुड़े ठिकानों के खिलाफ की गई।
पाकिस्तान के उप गृह मंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया था कि सीमावर्ती इलाकों में TTP के ठिकानों पर कार्रवाई में कम से कम 70 लड़ाके मारे गए। बाद में पाकिस्तानी अखबार डॉन ने यह संख्या 80 तक पहुंचने का दावा किया था।

अफगानिस्तान का नांगरहार का बड़ा इलाका पाकिस्तानी हमले के बाद आग की लपटों में घिर गया था। (सोर्स- X)
तालिबान ने कहा था वक्त आने पर कड़ा जवाब देंगे
अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी निंदा की थी। तालिबान का कहना था कि हमलों में आम नागरिकों को निशाना बनाया गया। टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, नंगरहार में एक घर पर हमले के बाद एक ही परिवार के 23 लोग मलबे में दब गए थे।
वहीं, अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि पाकिस्तान को ‘सही समय पर कड़ा जवाब’ दिया जाएगा। मंत्रालय ने इन हमलों को देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया था।
पाकिस्तान लंबे समय से तालिबान सरकार पर दबाव बनाता रहा है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकी संगठन को न करने दे। इस्लामाबाद का आरोप है कि TTP अफगानिस्तान से ऑपरेट हो रहे हैं, जबकि तालिबान सरकार इन आरोपों से लगातार इनकार करती रही है।
पाकिस्तानी शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान ब्लास्ट हुआ था
पाकिस्तान ने सोमवार को जब अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, इससे कुछ घंटे पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में सुरक्षा काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें दो सैनिक, जिनमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल भी मारे गए।
16 फरवरी को पाकिस्तान के बाजौर में विस्फोटकों से भरी गाड़ी सुरक्षा चौकी से टकरा दी गई थी। इस हमले में 11 सैनिक और एक बच्चे की मौत हुई। अधिकारियों ने हमलावर को अफगान नागरिक बताया था।
इससे पहले 6 फरवरी को इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ था। पाकिस्तानी अखबार द डॉन के मुताबिक, हमले में 31 लोगों की मौत हो गई है और 169 घायल हुए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी।

