जालंधर के रहने वाले और हॉकी इंडिया टीम के स्टार प्लेयर,ओलंपियन मनदीप सिंह को रविवार को पंजाब सरकार महाराजा रणजीत सिंह खेल अवॉर्ड से सम्मानित करेगी। इस खास मौके पर मनदीप सिंह और उनके परिवार ने खुशी जताई और सरकार का थैंक्स किया। अवॉर्ड सिलेक्शन के लिए खुशी जाहिर करते हुए मनदीप सिंह ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने पंजाब सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा, बहुत खुशी हो रही है कि हमें महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से नवाजा जा रहा है। काफी लंबे समय बाद (आखिरी बार 2016 में) यह सम्मान मिल रहा है। टोक्यो ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाले पंजाब के लगभग 90 खिलाड़ियों को यह अवॉर्ड दिया जा रहा है।
इस मौके पर भारतीय हॉकी टीम की मौजूदा तैयारियों पर बात करते हुए फॉरवर्ड खिलाड़ी मनदीप सिंह ने बताया कि टीम इस समय बेंगलुरु के राष्ट्रीय कैंप में मेहनत कर रही है। खिलाड़ियों के सामने इस साल वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे कई बड़े और महत्वपूर्ण टूर्नामेंट हैं। उन्होंने कहा कि हर टूर्नामेंट के स्तर और विपक्षी टीमों को ध्यान में रखकर अलग रणनीति बनाई जा रही है ताकि टीम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके। लक्ष्य सिर्फ गोल्ड मेडल और वर्ल्ड कप ट्रॉफी
मनदीप सिंह ने साफ किया कि भारतीय टीम अब सिर्फ हिस्सा लेने नहीं, बल्कि इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य वर्ल्ड कप में पोडियम फिनिश करते हुए स्वर्ण पदक जीतना है। इसके अलावा एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीतकर सीधे ओलंपिक क्वालिफिकेशन हासिल करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हमें पता है कि वर्ल्ड कप में हमारा प्रदर्शन पिछले लंबे समय से उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन इस बार टीम सिर्फ जीतने के इरादे से उतरेगी। दिन-रात चल रहे अभ्यास सत्रों में हर खिलाड़ी को अपनी जिम्मेदारी का पूरा अहसास है और हमें पूरा भरोसा है कि इस बार टीम ट्रॉफी उठाकर ही देश लौटेगी। पिता बोले-45 साल का सूखा खत्म करेगी टीम
मनदीप सिंह के पिता रविंदर सिंह ने भी अपनी खुशी साझा की। उन्होंने कहा, पूरे परिवार और गांव में दिवाली जैसा माहौल है, सभी बधाइयां दे रहे हैं। मेरे बेटे मनदीप के साथ वरुण कुमार और करीब 90 खिलाड़ियों को यह स्टेट अवॉर्ड मिल रहा है। सरकार जब खिलाड़ियों को सम्मानित करती है, तो उनका उत्साह दोगुना हो जाता है और इसके परिणाम मैदान पर भी अच्छे दिखते हैं। बेटे के व्यस्त शेड्यूल और टीम की तैयारियों पर बात करते हुए रविंदर सिंह ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से लगातार टूर्नामेंट्स के कारण मनदीप का शेड्यूल काफी व्यस्त है, लेकिन इस बार पूरी टीम की तैयारी सिर्फ जीतने की है। हमारे पास बाकी सभी मेडल हैं, बस एक वर्ल्ड कप के मेडल की कमी है जिसका इंतजार देश पिछले 40-45 साल से कर रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार बच्चे यह इंतजार खत्म करके दिखाएंगे।
Source link
