पटियाला-समाना रोड पर भाणरा गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की जान चली गई। यहां एक बेकाबू और तेज रफ्तार टिप्पर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रैक्टर पूरी तरह पलट गया। हादसे में 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य गंभीर घायल हो गया है। घायल को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद चालक फरार, सड़क पर लगा लंबा जाम घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी टिप्पर चालक मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय गांववासियों और किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पटियाला-समाना मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर खड़े कर धरना लगा दिया और पूरी तरह से चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की है कि आरोपी चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए। पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश हादसे और चक्का जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे डाला जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
Source link
