टीकमगढ़ के जेल रोड में शनिवार देर रात ट्रांसफार्मर के नीचे बॉक्स में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली कंपनी के कर्मचारियों और दमकल टीम को सूचना दी। बिजली कर्मचारियों ने तुरंत आपूर्ति बंद की, जिसके बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। दरअसल, भीषण गर्मी के कारण बिजली का लोड काफी बढ़ गया है। दिन और रात का तापमान 30-31 डिग्री के बीच बना हुआ है। गर्मी से राहत पाने के लिए घरों में 24 घंटे कूलर, पंखे और एयर कंडीशनर चल रहे हैं, जिससे बिजली की खपत और लोड में वृद्धि हुई है। कॉलोनी में बिजली आपूर्ति ठप हो गई जेल रोड पर मुख्य डाकघर के सामने लगे ट्रांसफार्मर के नीचे बॉक्स में आग लगी। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डाकघर के पीछे बनी कॉलोनी, बैंक कॉलोनी और जेल के सामने वाली कॉलोनी में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के बाद विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत का काम शुरू किया। सुधार कार्य देर रात करीब 1 बजे तक चला, जिसके बाद बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली कंपनी के शहर इंचार्ज नितिन बाथम ने बताया कि सभी इलाकों में बिजली की खपत क्षमता से दोगुनी हो रही है, जिसके कारण ऐसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
Source link
