मोहाली डेराबस्सी की अमरदीप कॉलोनी में रेलवे लाइन के किनारे दीवार निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। रेलवे विभाग ने अपनी सीमा की सुरक्षा के लिए दीवार का निर्माण कार्य शुरू किया है, जिस पर स्थानीय निवासियों ने आपत्ति जताई है। कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि यह कॉलोनी लंबे समय से बसी हुई है और दीवार बनने से उनके दैनिक आवागमन के रास्ते प्रभावित होंगे। इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। निवासियों ने मौके पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से पहले बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की। पार्टी के उम्मीदवार लोगों से मिले यह मामला तब राजनीतिक रंग ले गया जब चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार मौके पर पहुंचे। अकाली दल और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नेता इस मुद्दे को हल करने के बजाय इसे चुनावी मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल, क्षेत्र के लोग प्रशासन से ऐसा समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं, जिससे रेलवे की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके और स्थानीय निवासियों को आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Source link
