बिहार सरकार के कृषि एवं खान-भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। देवघर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन तक पहुंचाया गया। यहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया। मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। शिवगंगा में स्नान के बाद किया पूजन मंदिर में प्रवेश से पहले मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शिवगंगा तालाब में पवित्र स्नान और आचमन किया। इसके बाद वे बाबा मंदिर पहुंचे और पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम से अपने विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब बिहार और झारखंड एक ही राज्य थे, उस समय उनका उपनयन संस्कार भी देवघर में ही संपन्न हुआ था। उन्होंने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण आध्यात्मिक स्थल बताते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें विशेष आत्मिक शांति का अनुभव होता है। दोनों राज्यों की तरक्की के लिए की प्रार्थना मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि बिहार और झारखंड दोनों राज्यों का मान-सम्मान देशभर में बढ़े और समाज अराजकता व अशांति से मुक्त हो। उन्होंने कहा कि बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और संस्कारों के लिए पूरे देश में जाना जाता है। आने वाले समय में राज्य एक बार फिर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। इस अवसर पर भाजपा के कई स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी उनके साथ मौजूद रहे, जिन्होंने मंदिर परिसर में मंत्री का स्वागत किया और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
Source link
