सहारनपुर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। थाना बड़गांव पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से गौकशी, चोरी, गैंगस्टर और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। सीओ अभितेश सिंह ने बताया कि देर रात थाना बड़गांव पुलिस संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस के मुताबिक टीम सर्विस रोड पर गश्त कर रही थी, तभी शिमलाना गांव की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार अचानक मुड़कर भागने लगे। इसी दौरान हड़बड़ाहट में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस टीम जब उनके करीब पहुंची तो आरोप है कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसकी पहचान गय्यूर पुत्र सज्जाद उर्फ सादा निवासी ग्राम सोहनचिड़ा, थाना नागल सहारनपुर के रूप में हुई। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी थाना बड़गांव में दर्ज मुकदमा में फरार चल रहा था। गय्यूर पर पूर्व में भी करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गौकशी, चोरी, गैंगस्टर और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
Source link
