मुख्य बातें

सुपौल में पुलिस टीम पर हमले में 9 आरोपी अरेस्ट: ASI का सिर फोड़ा, राइफल छीनी; 19 पर FIR दर्ज – Supaul News

सुपौल में पुलिस टीम पर हमले में 9 आरोपी अरेस्ट:  ASI का सिर फोड़ा, राइफल छीनी; 19 पर FIR दर्ज – Supaul News

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के महादलित टोला में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को अरेस्ट किया है। इस मामले में 19 नामजद आरोपियों समेत 10 से 15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर पुलिसकर्मियों पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार शाम करीब पांच बजे राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। देखें, मौके से आई 2 तस्वीरें… सिलसिलेवार जानें,कब क्या हुआ… रात्रि गश्ती के दौरान हुआ विवाद FIR के अनुसार, राघोपुर थाना में पदस्थापित पीटीसी-1055 अंजय कुमार ने आवेदन देकर बताया कि 23 मई की रात करीब 10:45 बजे वह महिला गृह रक्षक काजल कुमारी और पुरुष गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ ग्रामीण रात्रि गश्ती पर निकले थे। रात लगभग 11:25 बजे पुलिस टीम नहर मुशहरी टोला स्थित दिनाभद्री मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर पहुंची, जहां कुछ युवक देर रात सड़क किनारे खड़े मिले। पुलिसकर्मियों ने युवकों को घर जाने की सलाह दी, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिला-पुरुष घटनास्थल पर जुट गए। लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला प्राथमिकी में बताया गया है कि करीब 30 से 35 महिला-पुरुष लाठी, फरसा, दबिया और अन्य धारदार हथियारों से लैस होकर पहुंचे और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मी संभल नहीं सके। आरोप है कि हमलावरों ने जान मारने की नीयत से एएसआई अंजय कुमार के सिर पर दबिया से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले में उनके सिर से काफी खून बहने लगा। वहीं महिला गृह रक्षक काजल कुमारी और पुरुष गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए। सरकारी वाहन में तोड़फोड़ हमलावरों ने सरकारी पुलिस वाहन संख्या BR-01HR-4967 में भी जमकर तोड़फोड़ की। वाहन के शीशे, लाइट और बॉडी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल ASI ने दी सूचना पर पहुंची फोर्स गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एएसआई अंजय कुमार ने मोबाइल फोन से घटना की सूचना थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल और सशस्त्र जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस बल को आते देख कई आरोपी फरार हो गए। हालांकि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटनास्थल से 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य फरार लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। झाड़ियों से बरामद हुई सरकारी राइफल घटना के दौरान अफरा-तफरी में पुरुष गृह रक्षक नितेश कुमार अपनी सरकारी राइफल लेकर दूसरी दिशा में चले गए थे। बाद में पुलिस ने इलाके में खोजबीन की तो घटनास्थल से दक्षिण दिशा में नहर किनारे झाड़ियों से सरकारी राइफल बरामद कर ली। राइफल मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। कई गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, मारपीट और तोड़फोड़ सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम पर हमला अत्यंत गंभीर मामला है और इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *