मुख्य बातें

सड़क पर पैदल चले मंत्री, लोगों ने नहीं पहचाना: भाजपा विधायक को उन्हीं के घर में घेरा; भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दिखे कलेक्टर-एसपी – Madhya Pradesh News

सड़क पर पैदल चले मंत्री, लोगों ने नहीं पहचाना:  भाजपा विधायक को उन्हीं के घर में घेरा; भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दिखे कलेक्टर-एसपी – Madhya Pradesh News


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

भाजपा के ट्रेनिंग कैंप में आए कलेक्टर-एसपी शिवपुरी में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया भी नजर आए। दोनों अधिकारी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पीछे-पीछे ट्रेनिंग हॉल से बाहर आते दिखाई दिए।

वीडियो सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों को लेकर सवाल खड़े हो गए। लोग पूछने लगे कि भाजपा के ट्रेनिंग कैंप में कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी क्यों थी? अगर कोई सरकारी कार्यक्रम होता तो बात समझ में आती, लेकिन यह तो एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम था।

हालांकि, एसपी की मौजूदगी को सुरक्षा कारणों से जोड़कर देखा जा सकता है, लेकिन कलेक्टर की मौजूदगी को लेकर ज्यादा सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि यही कलेक्टर सिंधिया के पिछले दौरे के दौरान मंच से उन्हें ‘महाराज’ कहकर संबोधित कर चुके हैं।

अब विपक्ष को बैठे-बिठाए एक और मुद्दा मिल गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सत्ताधारी दल भाजपा के इशारों पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि अधिकारियों को राजनीतिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखनी चाहिए, ताकि प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल न उठें।

शिवपुरी में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में कलेक्टर और एसपी भी नजर आए।

पैदल चलकर घर आए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का एक अलग अंदाज भोपाल में देखने को मिला। मुख्यमंत्री के साथ विभागीय समीक्षा बैठक खत्म होने के बाद मंत्री पैदल ही अपने आवास के लिए निकल पड़े। उनके साथ स्टाफ के कुछ सदस्य और सुरक्षा अधिकारी भी पैदल चलते नजर आए।

दरअसल, बैठक के बाद मंत्री सीधे सड़क पर उतर आए और आराम से पैदल चलते हुए अपने आवास की ओर बढ़ गए। दिलचस्प बात यह रही कि सड़क पर मौजूद ज्यादातर लोग उन्हें पहचान तक नहीं पाए। लोग उनके पास से गुजरते रहे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं हुआ कि उनके बीच प्रदेश सरकार के मंत्री चल रहे हैं।

मंत्री के इस अंदाज को लेकर अब तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। समर्थक इसे सादगी और ईंधन बचाने का संदेश बता रहे हैं। हालांकि कुछ लोग ये कह रहे हैं कि मंत्री ने ये मैसेज दिया कि मोदी की ईंधन बचाने की अपील मानने में वे बाकी नेताओं को काफी आगे हैं।

वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर तंज भी कम नहीं हो रहे। कुछ लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि मंत्री जी ने सादगी दिखाने के चक्कर में कुछ ज्यादा ही कर दिया।

भोपाल में सीएम से मीटिंग के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पैदल चलकर घर गए।

भोपाल में सीएम से मीटिंग के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पैदल चलकर घर गए।

पानी की मांग को लेकर विधायक के घर कूच इंदौर में जल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब बड़ी संख्या में रहवासी सुबह-सुबह भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के घर पहुंच गए। प्रदर्शन कर रहे लोग ‘पानी दो… पानी दो…’ के नारे लगा रहे थे और इलाके में पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जता रहे थे।

बताया जा रहा है कि लोगों ने विधायक के घर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पानी संकट को लेकर उन्हें घेर लिया। सुबह-सुबह अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से विधायक भी असहज नजर आए। इलाके में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे रहवासी परेशान हैं।

विरोध बढ़ता देख विधायक रमेश मेंदोला ने मौके पर ही अधिकारियों को फोन लगाया और जल संकट को लेकर नाराजगी जताई। लोगों के सामने ही अफसरों को समस्या जल्द हल करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन देकर शांत कराने की कोशिश की गई।

इधर, इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। कांग्रेस ने तंज किया कि “चप्पा-चप्पा भाजपा” के दावों के बीच जनता पानी के लिए भटक रही है।

इंदौर में जल संकट को लेकर लोग भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के घर पहुंच गए।

इंदौर में जल संकट को लेकर लोग भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के घर पहुंच गए।

हादसे रोकने के लिए सड़क पर किया हवन-पूजन मुरैना में खराब सड़कों को लेकर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सड़क पर गड्ढों और लगातार हो रहे हादसों से परेशान एक स्थानीय नेता ने सड़क पर ही हवन करा दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोग भी पूरे घटनाक्रम को हैरानी से देखते नजर आए।

दरअसल, नेता का आरोप है कि इलाके की सड़कें बदहाल हैं और गड्ढों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वे खुद भी ऐसी ही खराब सड़क पर गिरकर घायल हो चुके हैं और उनका हाथ टूट गया। इसके बावजूद अधिकारियों की ओर से सड़क को ठीक बताया जाता रहा।

नेता का कहना है कि जब शिकायत करने पर भी अधिकारी यह कहते हैं कि सड़क पूरी तरह ठीक है, तो फिर आखिर हादसे किस वजह से हो रहे हैं। इसी बात पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लगता है कोई ‘भूत-प्रेत’ ही दुर्घटनाएं करवा रहा है।

इसी व्यंग्यात्मक अंदाज में विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर हवन कराया गया। इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

मुरैना में एक स्थानीय नेता ने सड़क हादसे रोकने के लिए सड़क पर ही हवन करा दिया।

मुरैना में एक स्थानीय नेता ने सड़क हादसे रोकने के लिए सड़क पर ही हवन करा दिया।

इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), कपिल मिश्रा (शिवपुरी), संतोष शितोले (इंदौर), दुष्यंत सिकरवार (मुरैना)

ये भी पढ़ें – दिग्विजय के बेटे को चुनौती, बच्ची ने पहेली में उलझाया: मोदी का वीडियो देखकर विधायक ने ‘मेलोडी’ बांटी

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह को एक बच्ची ने ऐसी पहेली दे दी, जिसमें वे उलझ गए। अब इसे सुलझाने के लिए विधायक ने सोशल मीडिया पर मदद मांगी है। दरअसल, राघौगढ़ में पायल नाम की एक बच्ची ने जयवर्धन को ‘बुद्धि का घड़ा’ भेंट किया। इसके अंदर एक कद्दू रखा है। चुनौती यह है कि घड़ा फोड़े बिना और कद्दू काटे बिना उसे बाहर निकालना है। पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *