राजस्थान में तेज गर्मी, हीटवेव के बीच शनिवार को बारिश हुई। जयपुर, टोंक, अलवर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर जिलों के आसपास के एरिया में शनिवार दोपहर में मौसम बदला। वहीं, नौतपा से पहले ही पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव के सीवियर होने के साथ गर्मी तेज हो गई। जैसलमेर में पारा फिर 46 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले 2-4 दिन तेज गर्मी और हीटवेव का मौसम रहने का अनुमान जताते हुए कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दिनों सीजन की सबसे ज्यादा गर्मी की आशंका है। वहीं, 24 मई को भी तीन जिलों में ऑरेंज और 15 में यलो अलर्ट है। राजस्थान में मौसम की तस्वीरें… ये शहर सबसे गर्म रहे गर्मी से जुड़े अपडेट्स बारिश हुई, ओले भी गिरे: शनिवार सुबह श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एरिया में, जबकि दोपहर में अलवर, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर के एरिया में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। टोंक अलवर, जयपुर की सीमा के पास कुछ जगहों पर ओले गिरे। 46 डिग्री के करीब टेम्प्रेचर: बीते 24 घंटे में गर्मी तेज रही और हीटवेव का असर रहा। सबसे गर्म दिन जैसलमेर में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फलोदी, बाड़मेर, जैसलमेर के एरिया में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर रहा। यूवी इंडेक्स बढ़ने के कारण खतरा: मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा ने बताया कि अभी भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण हीट वेव (लू) की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में धूप तीखी होने के कारण सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पराबैंगनी विकिरण सूचकांक (यूवी इंडेक्स) बहुत अधिक रहेगा। इस दौरान सीधी धूप के संपर्क में आने से आंखों में तेज जलन और त्वचा में जलन हो सकती है। सुबह 10 से शाम 5 बजे के बीच बहुत जरूरी काम होने पर ही निकलें। राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: दोपहर तक यहां सूरज की तेज तपिश के साथ लू चली। लेकिन दोपहर 2 बजे बाद मौसम में बदलाव आया। कई इलाकों में बादल छाए और धूलभरी हवा चली। जयपुर के आसपास के ग्रामीण इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। यहां अधिकतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले 1 डिग्री बढ़कर 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री रहा। उदयपुर: लेकसिटी में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले 22 मई को उदयपुर का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अजमेर: शहरवासियों को सुबह से ही तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। सीकर: शहर व आसापास के इलाके में शनिवार को बारिश हुई। यहां देर रात से तेज हवा चल रही थी। शनिवार सुबह से बादल छाए रहै। दोपहर में पहले गर्म हवा चली। इसके बाद बूंदाबांदी हुई। दिनभर बादलों के कारण उमस बनी रही। सीकर में शनिवार को तापमान में .5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। अलवर: शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। शहर और आसपास के इलाकों में काले बादल छाए। इसके बाद करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। दिन का तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। जोधपुर: यहां बीते 24 घंटे में अधिकतम पारा 42.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा। लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। शहर में अगले 7 दिनों तक मौसम विभाग ने गर्मी और उमस ज्यादा बढ़ने का अनुमान जताया गया है। कोटा: गर्मी का असर वन्य जीवों पर भी दिखाई दे रहा है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क प्रशासन ने शाकाहारी और मांसाहारी जीव-जंतुओं को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पार्क में डक्टिंग सिस्टम और कूलर लगाए गए।
Source link
