तरनतारन जिले में लूटपाट की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। इसका ताजा मामला अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर ठठियां महंता गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर सामने आया, जहां दो नकाबपोश लुटेरों ने बंदूक की नोक पर लगभग 10,000 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने एक कर्मचारी के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 2.30 बजे श्री गुरु अमरदास जी फिलिंग स्टेशन पर हुई। मोटरसाइकिल पर आए दो लुटेरों ने पहले 500 रुपये का पेट्रोल भरवाया। जब कर्मचारी सुरजीत सिंह (निवासी चौधरीवाला) ने पेट्रोल के पैसे मांगे, तो उन्होंने पिस्तौल दिखाकर कैश की मांग की। कर्मचारी ने इनकार किया तो मारी गोली कर्मचारी सुरजीत सिंह द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर एक लुटेरे ने उसके पैर में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद, दोनों नकाबपोश लुटेरों ने सुरजीत सिंह और उसके साथी हरजीत सिंह से करीब 10,000 रुपये नकद लूटे और मौके से फरार हो गए। नाकेबंदी कर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी पेट्रोल पंप के मालिक दीपक मैनी निवासी नौशहरा पन्नू ने बताया कि घायल सुरजीत सिंह को इलाज के लिए अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरहाली थाना प्रमुख बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने नाकेबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
