नववर्ष के अवसर पर एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से खाटू श्याम मंदिर में सुबह से ही भक्त अपने हाथों में गुलाब के फूल लेकर दर्शन के लिए पहुंचे।
.
मनेंद्रगढ़ के खाटू श्याम मंदिर में केवल स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के राम नगर, राजनगर, कोतमा, बिजुरी और शहडोल जैसे पड़ोसी जिलों और क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने आते हैं।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि नववर्ष के पहले दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का लगातार आना जारी है। इस मंदिर में खाटू श्याम के साथ-साथ सरासर बालाजी और श्री राणी सती दादी जी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।
ऐसी मान्यता है कि श्री श्याम बाबा को गुलाब का फूल अत्यंत प्रिय है, इसलिए भक्त प्रसाद के साथ गुलाब के फूल भी अर्पित करते हैं। नववर्ष के उपलक्ष्य में, मंदिर परिसर में सुबह से शाम तक एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
