कोडरमा पुलिस ने जयनगर थाना क्षेत्र के पिपचो बाजार में हुई सुभाष राणा की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। गुरुवार रात हुई इस घटना में पुलिस ने मृतक के बहनोई गौतम राणा को गिरफ्तार किया है।
.
मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि गुरुवार रात सुभाष राणा अपने बहनोई गौतम राणा, गौतम के फुफेरे भाई श्याम सुंदर राणा और मित्र विनोद यादव के साथ पिपचो चौक पर शराब पी रहा था।
इसी दौरान सुभाष का फोन बंद होने के कारण उनकी पत्नी ने गौतम राणा के मोबाइल पर वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान गौतम राणा ने सुभाष की पत्नी को लेकर कुछ अश्लील बातें कहीं, जिससे सुभाष राणा क्रोधित हो गए।
दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। हालांकि, मौके पर मौजूद श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए।
कुछ देर बाद सुभाष राणा और गौतम राणा एक ही बाइक पर सवार होकर घर जाने के बजाय वापस शराब की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दोबारा शराब खरीदी और उसका सेवन करने लगे।
शराब पीने के दौरान दोनों के बीच एक बार फिर सुभाष की पत्नी को लेकर विवाद छिड़ गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि गौतम राणा ने गुस्से में आकर सुभाष राणा के सिर पर एक बड़े पत्थर से हमला कर दिया।
हमले में सुभाष राणा गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। जयनगर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गौतम राणा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
