शिक्षक की समस्या को लेकर आक्रोशित पालकों ने स्कूल में ताला लगा दिया
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के बरडीह माध्यमिक स्कूल एक शिक्षक के भरोसे है। ऐसे में स्कूल में बच्चों की पढ़ाई काफी मात्रा में प्रभावित हो रही है। जिसे देखते हुए बुधवार को आक्रोशित पालकों ने शिक्षक की मांग को लेकर स्कूल में ताला जड़कर अपना विरोध जताया।
.
ग्रामवासियों ने बताया कि लैलूंगा विकासखण्ड के माध्यमिक शाला बरडीह में लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। स्कूल में करीब 33 बच्चे अध्ययनरत हैं और एक शिक्षक होने से सभी कक्षाओं की पढ़ाई बेहतर ढंग से नहीं हो पाती है।
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विकासखंड शिक्षा अधिकारी को शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद यहां शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होने से पालको में आक्रोश है।
समस्या को देखते हुए बुधवार को ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और अपना विरोध शुरू कर दिया। ऐसे में जब इसकी जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को लगी, तो तत्काल BEO ने एक अन्य शिक्षक को माध्यमिक शाला बरडीह भेजा। जिसके बाद स्कूल का ताला खोला गया और ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।
स्कूल में निरीक्षण का अभाव गांव के लोगों का कहना है कि स्कूल में एक शिक्षक पढ़ा रहा है और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को है, लेकिन उसके बाद भी कभी आकस्मिक निरीक्षण नहीं किया जाता। आसपास गावं के बच्चे यहां पढ़ने आते हैं और स्कूल की समस्या का असर बच्चों की पढ़ाई पर हो रहा है।
कई बार कर चुके शिकायत गांव के मनोज सतपथी ने बताया कि उनका गांव घने जंगल क्षेत्र में आता है। मिडिल स्कूल में 33 बच्चे हैं और एकमात्र शिक्षक है। कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
इसी को देखते हुए आक्रोशित पालकों ने स्कूल में ताला जड़कर विरोध जताया। जिसके बाद बीईओ ने एक अन्य शिक्षक को स्कूल भेजा। तब कहीं जाकर आंदोलन समाप्त हुआ।
