उज्जैन में क्षत्रिय मराठा समाज ने 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में समाज ने एक रैली निकाली और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह रैली फ्रीगंज स्थित घंटाघर टावर से शुरू हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोठी पैलेस स्थित संकुल भवन पहुंची। यहां समाजजनों ने कलेक्टर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। रैली के दौरान समाज के सदस्य छत्रपति शिवाजी महाराज के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे और 19 फरवरी को शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे थे। शिवाजी की जयंती संपूर्ण समाज का गौरव दिवस समाज अध्यक्ष अनिल धर्मे ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का देश के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने स्वराज्य की स्थापना की और अन्याय, अत्याचार तथा विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष का मार्ग प्रशस्त किया। धर्मे ने बताया कि उनका जीवन साहस, सुशासन, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिवाजी महाराज की जयंती केवल किसी एक समाज का पर्व नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का गौरव दिवस है। मांग को सीएम तक पहुंचाने का आश्वासन ज्ञापन में कहा गया है कि जयंती को शासकीय अवकाश घोषित करने से नई पीढ़ी को शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इससे देशभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त किया जा सकेगा। कलेक्टर के प्रतिनिधि ने समाजजनों से ज्ञापन स्वीकार करते हुए उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में ज्ञापन का वाचन सचिव अनिल गावड़े ने किया, जबकि उपाध्यक्ष मुकेश शिंदे ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
Source link
