मुख्य बातें

सुल्तानपुर में कक्षा 9 के छात्र की मौत: साथी गंभीर रूप से घायल, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लिंक मार्ग पर बुलेट-पिकअप में टक्कर – Sultanpur News

सुल्तानपुर में कक्षा 9 के छात्र की मौत:  साथी गंभीर रूप से घायल, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लिंक मार्ग पर बुलेट-पिकअप में टक्कर – Sultanpur News

सुल्तानपुर के कूरेभार थाना क्षेत्र में रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सेउर ग्राम सभा स्थित गोल चक्कर के पास सरिया लदी पिकअप और बुलेट बाइक की आमने-सामने टक्कर में 16 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कूरेभार थाना क्षेत्र के मुजेश निवासी अयान (16) पुत्र रशीद के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदार वैस खान (18) पुत्र स्वर्गीय इसरार, निवासी बंधुआ कला, सुल्तानपुर के साथ बुलेट बाइक से सेउर गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिंक मार्ग पर गोल चक्कर के पास पहुंचते ही, सामने से आ रही सरिया लदी पिकअप वाहन से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट सवार अयान पिकअप के नीचे फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल वैस खान को तत्काल एम्बुलेंस से कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. प्रयेश दीक्षित की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद वैस की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही कूरेभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गोल चक्कर के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से लिंक मार्ग पर गोल चक्कर के समीप जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। बल्दीराय के सीओ ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *