हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. (प्रो.) पवन कुमार एवं सचिव मुनीश शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि बोर्ड द्वारा संचालित अध्यक्ष विशेष आरएएफ उड़नदस्ता द्वारा जिला जींद के परीक्षा केंद्र पीएसपीएम व.मा.वि. झमोला पर छापेमारी के दौरान केंद्र पर नियुक्त सेवादार के मोबाइल में सेकेंडरी हिन्दी विषय की परीक्षा से संबंधित ‘डी’ कोड की उत्तरकुंजी पाई गई थी। इसके अतिरिक्त केंद्र पर काफी अनियमितताएं देखने को मिली। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा इस मामले में कार्यवाही करते हुए सेवादार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवा दी थी। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण पीएसपीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झमोला परीक्षा केंद्र पर 28 फरवरी को संचालित हुई हिंदी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है। केंद्र पर नियुक्त समस्त स्टाफ को तुरन्त प्रभाव से कार्यभार मुक्त कर दिया है। अब राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना में होंगे एग्जाम
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केंद्र पीएसपीएम व.मा.वि.,झमोला केन्द्र को सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी परीक्षा के लिए नए परीक्षा केन्द्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना-02 (बी-02) पर शिफ्ट कर दिया है। अब 3 मार्च से सीनियर सेकेंडरी एवं 5 मार्च से सेकेंडरी कक्षा की परीक्षाएं नए परीक्षा केंद्र रा.क.व.मा.वि., जुलाना-02 (बी-02) पर संचालित होंगी। सेंटर पर नया स्टॉफ लगाने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी जींद को निर्देशित किया है कि वह नए परीक्षा केन्द्र रा.क.व.मा.वि. जुलाना-02 (बी-02) पर नया स्टाफ (केंद्र अधीक्षक, उप-केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक अमला, लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) की नियुक्ति करना सुनिश्चित करें। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा बोर्ड विशेष तौर पर नकल रहित परीक्षाओं के संचालन को लेकर अति सवेंदनशील है। इसलिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाएं जा रहे हैं।
Source link
