हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल (युवा सेवा एवं खेल विभाग) के खिलाड़ी दक्ष का चयन जूनियर एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप के लिए भारतीय अंडर-18 टीम के नेशनल कोचिंग कैंप में हुआ है। यह चयन भारतीय हॉकी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इस नेशनल कोचिंग कैंप के लिए देशभर से कुल 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। दक्ष ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के बल पर इन 40 खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई है। यह कोचिंग कैंप 19 अप्रैल से 25 मई तक साई सेंटर, भोपाल (मध्य प्रदेश) में आयोजित होगा। यह जापान में होने वाली जूनियर एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप की तैयारी का हिस्सा है। चैंपियनशिप का आयोजन 29 मई से 6 जून तक जापान में किया जाएगा। अपने कोच को दिया सफलता का श्रेय हॉकी खिलाड़ी दक्ष मूल रूप से चंबा जिले के निवासी हैं। उनके पिता केवल कुमार और माता सपना देवी ने दक्ष को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दक्ष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच आशीष सेन, जगतार सिंह और हॉकी हिमाचल के जनरल सेक्रेटरी रोमेश पठानिया को दिया है। उन्होंने बताया कि कोच आशीष सेन और जगतार सिंह ने उन्हें अनुशासन और कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया। साथ ही, हॉकी हिमाचल के जनरल सेक्रेटरी रोमेश पठानिया का प्रोत्साहन भी इस उपलब्धि में सहायक रहा। कोच आशीष सेन पिछले 10 वर्षों से ऊना में हॉकी प्रतिभाओं को प्रशिक्षित कर रहे हैं। वे मूल रुप से मंडी जिले के निवासी हैं। हॉकी हिमाचल के जनरल सेक्रेटरी रोमेश पठानिया का भी खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने में विशेष योगदान रहा है।
Source link
