![]()
श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर करोड़ों की हेरोइन पकड़ी गई है। बॉर्डर से सटे गांव केसरीसिंहपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बीएसएफ की 48वीं बटालियन की इंटेलिजेंस शाखा (जी ब्रांच) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 1 किलो हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए है। यह कार्रवाई जयपुर स्थित ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में की गई। ऑपरेशन प्रभारी ASI गणेश सिंह के सुपरविजन में अंजाम दिया गया, जिसमें ANTF चौकी श्रीगंगानगर और BSF की टीम ने मिलकर सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई की। हेरोइन की खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी। जिसे लेने के लिए तस्कर मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी सुरक्षा एजेंसियों ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान तीरथ सिंह (20) पुत्र सूबा सिंह निवासी मलकाना खुर्द, श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।
Source link
