राजधानी में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। गोकुल नगर इलाके में तड़के सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक को चाकू की नोक पर धमकाकर उसका मोबाइल लूट लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड भी हासिल कर लिया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से करीब 14 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़िता का नाम पुलिस ने यशवंत साहू बताया है। अब पढ़ें क्या है पूरा मामला टिकरापारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोकुल नगर निवासी यशवंत साहू 23 अप्रैल की सुबह करीब 4:45 बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। वे गोकुल नगर गार्डन की ओर जा रहे थे, तभी गार्डन गेट के पास बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि यशवंत कुछ समझ पाते, आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने सिर्फ मोबाइल ही नहीं छीना, बल्कि जबरन उसका पासवर्ड भी पूछ लिया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर उसके खाते से करीब 14 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद यशवंत साहू ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज टिकरापारा पुलिस के विवेचना अधिकारियों ने बताया, कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
