मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक दो महिलाओं को लिफ्ट देकर जा रहा था। इस दुर्घटना में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मुजफ्फरनगर निवासी सत्येंद्र शुक्रवार रात अपनी बाइक से नहर की पटरी के रास्ते कस्बा जानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान खेत से काम कर लौट रहीं दो महिलाओं वरिसा पत्नी मुस्तफा और शीबा ने उससे लिफ्ट मांगी। सत्येंद्र ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया। बताया जा रहा है कि जैसे ही बाइक जानी क्षेत्र के गांव चांदोरा के सामने पहुंची, तभी सामने से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्येंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर बैठी दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने सत्येंद्र को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
Source link
