मानसा जिले के जौड़कियां गांव में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने सोने की बालियों के लालच में की गई इस हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव जौड़कियां निवासी बुजुर्ग महिला सुखदेव कौर गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही जगसीर सिंह नामक व्यक्ति ने उन्हें निशाना बनाया। आरोपी ने महिला के कानों से सोने की बालियां उतार लीं और उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने शव को पेटी में छिपाया वारदात को छिपाने के लिए आरोपी जगसीर सिंह ने शव को अपने घर में एक पेटी के अंदर छिपा दिया था। परिजनों के बयानों और पुलिस जांच के आधार पर शव बरामद किया गया। डीएसपी सरदूलगढ़ मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपी जगसीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि आरोपी नशे का आदी है या नहीं, इसका पता डोप टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद जौड़कियां गांव के लोगों ने एकजुट होकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने पुलिस से अपील की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी वारदातें न हों।
Source link
