मुख्य बातें

कुलदीप बिश्नोई ने दिल्ली में अचानक समर्थकों की मीटिंग बुलाई: लिखा- सम्मान, राजनीति से ऊपर; BJP विधायक पनिहार की दूरी, बोले- ये पार्टी मीटिंग नहीं – Hisar News

कुलदीप बिश्नोई ने दिल्ली में अचानक समर्थकों की मीटिंग बुलाई:  लिखा- सम्मान, राजनीति से ऊपर; BJP विधायक पनिहार की दूरी, बोले- ये पार्टी मीटिंग नहीं – Hisar News

हरियाणा BJP नेता और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई बगावती मूड में नजर आ रहे हैं। आज (22 मई) दिल्ली में उन्होंने समर्थकों की मीटिंग बुलाई। इसमें क्षेत्र के कई लोग शामिल हुए। हालांकि भाजपा विधायक रणधीर पनिहार इस मीटिंग में नहीं पहुंचे। कुलदीप ने खुद इस बैठक की जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। जिसमें उन्होंने लिखा- भजनलाल के सपनों को पूरा करेंगे और हर कार्यकर्ता के सम्मान की रक्षा करेंगे। सभी के चेहरे पर पुराना अपनापन है। रिश्ते और सम्मान हमेशा राजनीति से ऊपर रहे हैं। वहीं मीटिंग के बारे में विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि मुझे मीटिंग की जानकारी नहीं थी। यह पार्टी की मीटिंग नहीं थी। कुलदीप जी अपने सिस्टम से मीटिंग बुलाते रहते हैं। वह मेरे अजीज हैं। पहले जानिए, कुलदीप ने पोस्ट में क्या लिखा… अपनापन देखकर भावुक हो गया कुलदीप ने सोशल मीडिया पोस्ट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- आज नई दिल्ली आवास पर मेरे संघर्ष के अनेक साथियों का आना हुआ। आप सभी के चेहरे पर वही पुराना अपनापन, वही अटूट विश्वास और वही स्वाभिमान के लिए समर्पण देखकर मन भावुक हो उठा। युगपुरुष चौधरी भजन लाल जी के मान-सम्मान और मेरे स्वाभिमान की रक्षा के लिए जिस प्रकार हर साथी ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की, वह केवल समर्थन नहीं, बल्कि परिवार के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। कठिन समय में साथ दिया कठिन समय में जिस मजबूती, निष्ठा और भावनात्मक जुड़ाव के साथ आप सभी मेरे साथ खड़े रहे, उसने भावुक किया और नई ऊर्जा, शक्ति और आत्मविश्वास से भर दिया। मेरे लिए राजनीति से ऊपर हमेशा रिश्ते, सम्मान और साथियों का विश्वास रहा है। नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता का प्रेम ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। वर्करों को दिया ये मैसेज कुलदीप ने आगे लिखा, आप सभी का यह स्नेह मुझे हर परिस्थिति में जनसेवा, संघर्ष और स्वाभिमान की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हम सब मिलकर युगपुरुष चौधरी भजन लाल जी के अधूरे सपनों को पूरा करने, हर कार्यकर्ता के सम्मान की रक्षा करने और जनता की आवाज को मजबूती से बुलंद करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे। “स्वाभिमान हमारा संकल्प है…और जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत।” एक दिन पहले ही पूर्व सीएम का फोटो हटाया कुलदीप बिश्नोई हरियाणा भाजपा के सीनियर नेताओं से किनारा कर रहे हैं। इसके संकेत उन्होंने एक दिन पहले दिए थे, जब उन्होंने फेसबुक और एक्स हैंडल की कवर इमेज से पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर का फोटो हटा दिया था। जेपी नड्डा का फोटो भी हटाया कुलदीप ने इसके साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा का भी फोटो भी फेसबुक वॉल से रिमूव कर दिया है। अब कवर इमेज में सबसे आगे अपने पिता स्व. चौधरी भजनलाल का फोटो लगाया है, इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का फोटो है। इन 3 नेताओं ने की थी पूर्वी सीएम पर टिप्पणी… रणजीत चौटाला की सभा में खट्टर ने सुनाया था किस्सा: केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर 10 अप्रैल 2024 को भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला के लिए प्रचार करने हिसार आए थे। कैमरी गांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने मंच से कुछ किस्से सुनाए जो हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों से जुड़े थे। मनोहर लाल ने इशारों- इशारों में पूर्व सीएम को भ्रष्टाचारी बताया था। इसके बाद बिश्नोई परिवार ने चुनाव में उनसे दूरी बनाई और भाजपा प्रत्याशी चौटाला को हार का भी सामना करना पड़ा था। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को ‘बदमाश’ कहा: राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पंचकूला में 24 अप्रैल को नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने मंच से कहा था कि इस इलाके में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की ‘बदमाशी’ थी। इन्होंने ‘बदमाशी करके’ चुनाव जीते थे। हालांकि इसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। बड़ौली ने कहा- जरूरी नहीं बाप जैसा बेटा हो: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने हिसार में कहा था कि चौधरी भजनलाल हरियाणा के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। यह जरूरी नहीं होता कि जैसा बाप हो बेटा भी वैसा ही हो। भजनलाल के बारे में रेखा शर्मा ने कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया। वह चुनावी सभा थी। रेखा शर्मा के शब्दों के चयन में चूक हुई। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अब इस बात को बढ़ाने का काम किया है। —————– यह खबर भी पढ़ें… बदमाशी वाले बयान पर रेखा शर्मा ने माफी मांगी हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए ‘बदमाशी’ वाले बयान पर माफी मांग ली है। रेखा शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर कहा, ‘मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया। (पूरी खबर पढ़ें)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *