मंडी जिले के औट थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-03 (NH-03) पर बनाला स्थित अंबिका गेस्ट हाउस के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। इस दुर्घटना में गेस्ट हाउस की पार्किंग में काम कर रहा एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। तेज रफ्तार अर्टिगा ने खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे एक अर्टिगा कार (वाहन संख्या: PB01F-3234) मंडी से कुल्लू की तरफ जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक, अर्टिगा चालक वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। बनाला के पास नियंत्रण खोने के कारण कार ने सड़क किनारे बने अंबिका गेस्ट हाउस की पार्किंग में खड़ी एक अन्य किया कार (वाहन संख्या: PB01E-3839) को जोरदार टक्कर मार दी। चपेट में आने से युवक के सिर पर आई गंभीर चोटें हादसे के वक्त प्रदीप कुमार उर्फ पियूष (निवासी द्रूण, तहसील पधर, जिला मंडी) गेस्ट हाउस की पार्किंग में काम कर रहा था और खड़ी गाड़ी के पास ही मौजूद था। अर्टिगा की टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप अचानक इसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर फ्रैक्चर व चोटें लगी हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और गेस्ट हाउस संचालक की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बिहार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी देश राज (निवासी द्रूण, तहसील पधर) के बयानों के आधार पर औट थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी फंदा कस दिया है। पुलिस ने अर्टिगा चालक ज्योति चंद्र मिश्र (निवासी जिला समस्तीपुर, बिहार) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत केस दर्ज किया है। मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से पहाड़ी व व्यस्त मार्गों पर गति सीमा का ध्यान रखने की अपील की है।
Source link
