भोजपुर जिले के कोइलवर पुराने पुल के पास सोन नदी में एक माह पहले डूबने से छात्र मो. साकिब की मौत हो गई थी। इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। मृतक के पिता ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बेटे के दोस्तों पर साजिश के तहत नदी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कार्रवाई नहीं होने से खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। घर से बुलाकर बेटे को ले गया था जानकारी के अनुसार एक अप्रैल की दोपहर सकड्डी गांव वार्ड संख्या-7 निवासी मो. महायुद्दीन का पुत्र मो. साकिब अपने कुछ दोस्तों के साथ सोन नदी किनारे फोटो शूट कराने गया था। इसी दौरान नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई थी। पिता ने उसी समय थाना में आवेदन देकर सुरौंधा कॉलोनी निवासी तीन युवकों पर बेटे को घर से बुलाकर ले जाने और फिर नदी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी भी दर्ज की थी। हैदर लड़की लेकर भागा था मो. महायुद्दीन का आरोप है कि उनके बेटे और उसके दोस्त हैदर के बीच करीब एक वर्ष पहले गांव में नाश्ते की दुकान पर मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को हैदर के साथ रहने से मना कर दिया था। करीब छह माह पहले हैदर एक लड़की को लेकर भाग गया था। बाद में पकड़े जाने पर लड़की के परिजनों ने उसकी पिटाई की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि उनके बेटे मो. साकिब ने भी वह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसी बात को लेकर हैदर उनके बेटे से रंजिश रखता था। उसी दुश्मनी में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साकिब की हत्या कर दी। एसपी को आवेदन देने के बाद भी कुछ नहीं हुआ पीड़ित पिता ने बताया कि वह इस मामले में दो बार पुलिस अधीक्षक से मिलकर लिखित आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इधर, कोइलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर अनुसंधान किया जा रहा है।
Source link
