सहारनपुर में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गागलहेड़ी पुलिस, खनन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़े खनन सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2 डंपर, एक हुन्डई वेन्यू कार और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह अधिकारियों की रैकी कर अवैध खनन सामग्री से भरे वाहनों को सुरक्षित निकलवाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, 23 मई की रात चेकिंग के दौरान दो डंपरों और एक वेन्यू कार को रोका गया था। दोनों डंपरों में अवैध रूप से खनिज सामग्री भरी हुई थी। वाहन मालिकों के पास रॉयल्टी या अन्य दस्तावेज नहीं मिले। डंपरों की पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी जबकि आगे की नंबर प्लेट छिपाई गई थी। मामले में थाना गागलहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुहेल, नदीम, रजत, शहजान, अंशुल, रजनीश, अहकाम और नौशाद शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी सुहेल ने पुलिस को बताया कि गिरोह बिना दस्तावेजों के अवैध खनन सामग्री लाता था और कुछ सामग्री क्रेशरों से भी कम कीमत पर खरीदकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचता था। अधिकारियों की लोकेशन के हिसाब से रास्ते बदलकर खनन सामग्री से भरे वाहनों को निकलवाया जाता था। एसएसपी बोले- पासर्स गैंग की बड़ी भूमिका पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि जिले में अवैध खनन रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में केवल अवैध खनन करने वालों को नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को निशाना बनाया गया है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में छह ऐसे आरोपी हैं जो “पासर्स” का काम करते थे। ये लोग अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहते थे और व्हाट्सएप तथा टेलीग्राम ग्रुप के जरिए अधिकारियों और पुलिस की गतिविधियों की सूचना तुरंत साझा करते थे। उन्होंने कहा कि कई बार पुलिस की कार्रवाई से पहले ही सूचना लीक हो जाती थी, जिससे अवैध खनन करने वाले सतर्क हो जाते थे। यह गिरोह अवैध खनन कारोबार को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। एसएसपी ने कहा कि यह पूरा एक संगठित अपराध सिंडिकेट है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी। जांच अभी जारी है और आने वाले समय में अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
Source link
