ग्वालियर में शनिवार देर रात दोस्तों के साथ फालूदा खाने गए एक 40 वर्षीय युवक के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और विवाद के बाद एक युवक ने तेज रफ्तार कार से टक्कर मारकर युवक शिव प्रताप पारासर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। परिजनों ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। युवकों से हुई थी कहासुनी घायल युवक का नाम शिव प्रताप पारासर पुत्र महेंद्र पारासर बताया गया है। शिव प्रताप अपने कुछ दोस्तों के साथ शनिवार रात करीब 11:45 बजे ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित लधेड़ी में सोना गार्डन के सामने फालूदा खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां खड़े कुछ अन्य युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद तेज रफ्तार में कार चलाने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और फिर मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी बीच दूसरे पक्ष का एक युवक अपनी कार लेकर तेजी से मौके पर पहुंचा और शिव प्रताप पारासर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिव प्रताप उछलकर करीब 4 से 5 मीटर दूर सड़क पर सिर के बल जा गिरे। हादसे में उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल शिव प्रताप को उनके दोस्तों ने तत्काल गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
Source link
