महेंद्रगढ़ में श्री खाटूश्याम मानव जन सेवा वेलफेयर सोसाइटी ने पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास नेत्रहीन, अनाथ बच्चों और वृद्धाश्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सोसाइटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधायक का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। विधायक ने रिबन काटकर वृद्धाश्रम का उद्घाटन किया। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सम्मान और सहयोग मिले। उन्होंने जोर देकर कहा कि नेत्रहीन, अनाथ बच्चों और वृद्धजनों की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने श्री खाटूश्याम मानव जन सेवा वेलफेयर सोसाइटी के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया, जिससे जरूरतमंद लोगों को सहारा और बेहतर वातावरण मिलेगा। जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही सरकार- विधायक विधायक ने आगे कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार गरीब, जरूरतमंद, दिव्यांग, अनाथ बच्चों और बुजुर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विधायक ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना की कंवर सिंह यादव ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाएं सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने ऐसे प्रयासों को समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला बताया। इस मौके पर प्रधान अनूप, अग्रवाल सभा के पूर्व प्रधान नरेंद्र मेहता, नवीन मित्तल, सुधीर खुड़ाना, मनोज सैनी, रामवतार शास्त्री, नीटू शर्मा, मीनू, प्रवीण शर्मा, महेंद्र चौधरी, रामगोपाल मित्तल, राजू, शिशु, दिनेश सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
