देश की पहली सहकारी कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी’ की जयपुर में भी शुरुआत होने जा रही है। जून में ट्रायल शुरू होगा। जुलाई में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इसकी विधिवित शुरुआत कर सकते हैं। भारत टैक्सी के आने से प्रदेश में प्राइवेट कंपनियों की मनमानी खत्म होगी। यात्रियों को किराए में बड़ी राहत मिलेगी। अफसरों का दावा है कि भारत टैक्सी में दूसरी कंपनियों की बजाय 25 से 30% कम किराया लगेगा। पीक आवर्स में ज्यादा किराया नहीं चुकाना पड़ेगा। राजस्थान के कौन-कौन से शहरों में कब तक ये टैक्सी सर्विस शुरू होगी? प्रति किलोमीटर कितना किराया होगा? राजस्थान में कितनी कैब सर्विस देंगी? कोई ड्राइवर भारत टैक्सी के साथ जुड़ना चाहे तो क्या तरीका है? क्या एप डाउनलोड करने पर कोई ऑफर मिलेगा? भास्कर ने ऐसे ही सवालों के जवाब भारत टैक्सी के CEO विवेक पांडे और सिटी हेड (जयपुर) अभिषेक चारण से लिए। पढ़िए- मंडे स्पेशल स्टोरी… सवाल : भारत टैक्सी सर्विस क्या है? जवाब : केंद्र सरकार का सहकारी मॉडल पर आधारित भारत का पहला कैब राइडिंग प्लेटफॉर्म है। इसे ओला, उबर और रैपिडो जैसी कंपनियों के विकल्प के रूप में शुरू किया गया है। इसमें ड्राइवर्स को ‘सारथी’ कहा जाता है। इस मॉडल में ‘सारथी’ केवल सेवा प्रदाता नहीं है। बल्कि वे निर्णय लेने की प्रक्रिया का भी हिस्सा होंगे और बोर्ड मेंबर के रूप में भी अपनी भागीदारी निभा सकेंगे। यही नहीं शेयर खरीदकर ‘सारथी’ कंपनी के शेयर होल्डर भी बन सकेंगे। सवाल : भारत टैक्सी सर्विस में ड्राइवर्स कैसे रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं? जवाब : भारत टैक्सी एप्लिकेशन के माध्यम से कोई भी ड्राइवर (सारथी) रजिस्ट्रेशन करा सकता है। मोबाइल एप्लिकेशन गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। रजिस्ट्रेशन के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, गाड़ी की आरसी और पासपोर्ट साइज फोटो की आवश्यकता होगी। दस्तावेजों का सत्यापन मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे करती है। इसके बाद ड्राइवर्स को भारत टैक्सी प्लेटफार्म से जोड़ दिया जाता है। सवाल : जयपुर में अब तक कितने रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, कितने का लक्ष्य है? जवाब : अब तक 15 हजार ‘सारथी’ जुड़ चुके हैं। अभी और रजिस्ट्रेशन होंगे। हमारा लक्ष्य 50 हजार ‘सारथी’ के रजिस्ट्रेशन का है। सवाल : भारत टैक्सी सर्विस में ड्राइवर्स को क्या-क्या फायदे होंगे? जवाब : सबसे बड़ी बात यह है कि ‘सारथी’ को फ्री में राइड बुकिंग मिलेगी। किसी प्रकार का कमीशन नहीं देना पड़ेगा। प्राइवेट कंपनियों में सब्सक्रिप्शन चार्ज देना पड़ता है। ड्राइवर्स वेलफेयर विंग की स्थापना की गई है। जो ड्राइवर्स की सहायता, समस्याओं के समाधान और कल्याण से जुडी सभी जरूरतों में सहयोग करेगी। सवाल : भारत टैक्सी के ड्राइवर्स कैसे कमीशन मुक्त होंगे? जवाब : यह मॉडल ही जीरो कमीशन पर आधारित है। भविष्य में भी इसे जीरो कमीशन मॉडल रखा जाएगा। इसमें ड्राइवर्स से किसी भी राइड पर किसी प्रकार का कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा। इससे उनकी पूरी कमाई सीधे उन्हें प्राप्त हो सकेगी। भविष्य में प्लेटफॉर्म संचालन और बेहतर सेवाओं के लिए बहुत ही न्यूनतम सब्सक्रिप्शन फीस लागू की जा सकती है। यह फीस कितनी होगी, अभी तय नहीं की गई है। लेकिन होगी बहुत ही मामूली, ताकि ड्राइवर्स पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ न पड़े। सवाल : ड्राइवर्स को कंपनी में मुनाफा कैसे मिलेगा? जवाब : दस्तावेज सत्यापित होने के बाद ‘सारथी’ मात्र ₹500 का निवेश करके भारत टैक्सी के पांच शेयर खरीद सकते हैं। इससे वे कंपनी के शेयर होल्डर बन जाते हैं। भविष्य में कंपनी को होने वाले मुनाफे में वे भी हकदार होंगे। सवाल : जयपुर में भारत टैक्सी का किराया कितना, क्या रखा गया है? जवाब : अन्य कैब कंपनियों की तुलना में बहुत ही किफायती किराया है। भारत टैक्सी में डायनामिक फेयर सिस्टम लागू किया गया है। इससे यात्रियों को उचित और संतुलित किराया मिलता है। साथ ही पारदर्शी रेट व्यवस्था के कारण यात्रियों को पहले से ही किराए की स्पष्ट जानकारी मिल जाती है। दूसरी कंपनियां 13 से 15 रुपए प्रति किलोमीटर कैब का लेती हैं। ऑटो में 9-10 रुपए, जबकि बाइक में 6-7 रुपए किराया लिया जाता है। ये रेट हर रोज परिस्थिति, मौसम, ट्रैफिक और अन्य कारणों से बदलते रहते हैं। ये हमारा दावा है कि भारत टैक्सी का किराया इन कंपनियों से कम होगा। परिस्थिति, मौसम, ट्रैफिक और अन्य कारणों से बदलेगा नहीं। सवाल : आम यात्री भारत टैक्सी कैब कैसे बुक करा सकते हैं? जवाब : इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से भारत टैक्सी मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद अपनी लोकेशन डालकर आसानी से कैब, बाइक या ऑटो बुक की जा सकती है। सवाल : दूसरी कैब सेवाओं की तुलना में भारत टैक्सी में आम सवारियों को क्या फायदा होगा? जवाब : कम और किफायती किराया। जीरो सर्ज प्राइजिंग। यानि पीक टाइम में भी अतिरिक्त किराया नहीं चुकाना होगा। पारदर्शी और प्रति किलोमीटर फिक्स रेट। सफर के दौरान कोई भी संकट होने पर एसओएस इमरजेंसी सुविधा। लोकल और भरोसेमंद ड्राइवर के जरिए बेहतर ग्राहक सेवा। सवाल : भारत टैक्सी एप में सवारियों को क्या-क्या विकल्प मिलेंगे? जवाब : कैब सेवा में सेडान से लेकर प्रीमियम टैक्सी भी शामिल रहेंगी। इसके अलावा ऑटो रिक्शा और बाइक टैक्सी की बुकिंग भी करा सकते हैं। सवाल : सवारियों की सुरक्षा के मद्देनजर क्या कदम उठाए गए हैं। जवाब : सभी ड्राइवर्स वेरिफिकेशन के बाद ही जोड़े जा रहे हैं। एप में जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा के साथ-साथ एप आधारित लाइव लोकेशन है। इमरजेंसी हेल्प फीचर के तौर पर पावर बटन दिया जाएगा, जिसे दबाने पर तुरंत मदद मिल सकेगी। एप में यात्रा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सकता है। रिफंड या बुकिंग में समस्या होने पर ग्राहक सहायता केन्द्र से भी संपर्क कर सकता है। सवाल : अनहोनी होने पर कैसे पुलिस से संपर्क कर पाएंगे? जवाब : एप में एसओएस या इमरजेंसी बटन की योजना है। उसे दबाने पर सीधे स्टेट पुलिस या कंट्रोल रूम में संपर्क होगा। साथ ही लाइव लोकेशन शेयरिंग और हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। सवाल : क्या जयपुर से इंटरसिटी सेवा भी मिलेगी? जवाब : भारत टैक्सी के सिटी हेड (जयपुर) अभिषेक चारण बताते हैं- भारत टैक्सी सर्विस इंटरसिटी भी शुरू की जाएगी। जैसे जयपुर एयरपोर्ट से कोई उदयपुर जाना चाहे तो सुविधा का लाभ ले सकेगा और रेट भी सामान्य ही रहेंगे। दिल्ली में पहली राइड पर अमूल आइसक्रीम पर 100 रुपए डिस्काउंट का वाउचर मिल रहा है। ऐसी वाउचर योजना पर भी विचार चल रहा है। सहकार भवन में बनाया गया है ऑफिस भारत टैक्सी को लेकर जयपुर स्थित सहकार भवन के फर्स्ट फ्लोर पर ऑफिस तैयार किया गया है। यहां इस इनोवेशन को धरातल पर लाने के लिए तैयारियां जारी हैं। फिलहाल ज्यादा से ज्यादा संख्या में ड्राइवर्स के रजिस्ट्रेशन पर काम चल रहा है। भारत टैक्सी के सिटी हेड अभिषेक चारण ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में 23.90 लाख, गुजरात में 5.42 लाख, लखनऊ में 0.3 लाख, और चंडीगढ़ जैसे क्षेत्रों को मिलाकर ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक कुल संख्या 29.49 लाख पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि यात्रियों के बीच विश्वास पैदा करने के लिए उचित किराया, सुरक्षित सफर के नारे के साथ रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, पुलिस बूथ और सरकारी भवनों पर व्यापक स्तर पर ब्रांडिंग की तैयारी है। जयपुर में अक्सर देखा जाता है कि सिंधी कैंप, जयपुर जंक्शन, या एयरपोर्ट पर पीक आवर्स के दौरान प्राइवेट एप किराया दोगुना-तिगुना कर देते हैं। भारत टैक्सी में नो-सर्ज प्राइसिंग नीति लागू है, जिससे हर समय तय किराया ही लिया जाएगा। जयपुर की तंग गलियों से लेकर चौड़ी सड़कों तक में सफर के लिए कई विकल्प मिलेंगे। जैसे भारत बाइक, भारत ऑटो, कैब इकोनॉमी, सेडान और बड़ी गाड़ियों के लिए एक्सएल श्रेणी शामिल है। गिग वर्कर्स यूनियन बोली- भारत टैक्सी को लेकर उत्साह राजस्थान गिग एंड एप बेस्ड वर्कर यूनियन के महासचिव कृष्ण कुमार चौधरी ने बताया- फिलहाल प्राइवेट कैब सर्विस द्वारा ड्राइवर्स का काफी शोषण किया जा रहा है। इसको लेकर हमने पूरे देश में आवाज उठाई थी। केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने सुना और अब भारत टैक्सी की शुरुआत की जा रही है। इससे ड्राइवर्स में काफी उत्साह है, क्योंकि निजी कैब सर्विस द्वारा सब्सक्रिप्शन से लेकर कई तरह के शोषण किए जाते हैं। भारत टैक्सी में ड्राइवर्स को काफी लाभ मिलेगा।
Source link
