शाजापुर जिले में नौतपा के तीसरे दिन बुधवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। बुधवार दोपहर में तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी के कारण दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सड़कें और बाजार सूने रहे। शहर के बस स्टैंड पर यात्रियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखी। केवल चार मटके रखे गए थे, जो बसों के आने पर तुरंत खाली हो जाते हैं उन्हें दोबारा भरना पड़ता है। बस स्टैंड पर पंखों की व्यवस्था न होने से भी यात्री गर्मी से जूझते नजर आए। होटल संचालक सोनू ने बताया कि नगर पालिका द्वारा यात्रियों के लिए उचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि लोग बार-बार मटकों में पानी भर रहे हैं, लेकिन यह व्यवस्था बढ़ती गर्मी के मुकाबले अपर्याप्त साबित हो रही है। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया के अनुसार, पिछले दिनों तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसमें अब लगभग 2 डिग्री की गिरावट आई है। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे गर्मी से खास राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने 31 मई से 1 जून के बीच बारिश की संभावना जताई है। धूप से बचने के लिए लोग अपने चेहरों और सिर को कपड़े से पूरी तरह ढंककर बाहर निकलते देखे गए।
Source link
