पलवल में पुलिस के हत्थे चढ़ा हथियार तस्कर।
पलवल में सीआईए (CIA) की टीम ने एक दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे बिना नंबर की स्कॉर्पियो सवार अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। होडल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी के कब्जे से चार देसी कट्टे और 16 जिंदा कारतूस बरामद कर पूछताछ शुरू कर दी है।
.
सीआईए होडल प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अवैध हथियार ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर सीआईए की टीम ने नेशनल हाईवे स्थित उजीना ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी शुरू कर दी।
जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी आई, चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी रोकी और हाथ में एक थैला लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपित को थैला सहित पकड़ लिया। थैले की तलाशी लेने पर उसमें से चार देशी कट्टे, 13 जिंदा कारतूस 315 बोर और तीन जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद हुए। आरोपी सेवली गांव निवासी गौरव इन हथियारों के संबंध में कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने अवैध हथियार और बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ होडल थाने में मामला दर्ज कर दिया है।
एक्सीडेंट करके भाग रहा था आरोपी
सीआईए को आरोपी गौरव ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले उसने होडल में रेलवे रोड पुल के पास सर्विस रोड पर दो-तीन बाइकों में भी टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया था।
हथियार तस्करी के नेटवर्क का होगा भंडाफोड़
सीआईए प्रभारी जगमिंद्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ इससे पहले लूट और अवैध हथियार रखने के दो अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं। आरोपी से बरामद हथियारों के स्रोत और इस अवैध तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपित को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
