प्रशिक्षण शिविर में शामिल चुनाव कर्मी।
मधुबनी जिले में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की तैयारियों के तहत मतदानकर्मियों का प्रशिक्षण मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। यह प्रशिक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
.
इस प्रशिक्षण में जिलेभर से आए मतदानकर्मियों को लोकतांत्रिक दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रायोगिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है। सत्र में मतदान दिवस की क्रमवार प्रक्रिया, मतदान केंद्र पर व्यवस्था प्रबंधन, ईवीएम-वीवीपैट के संचालन, मॉक पोल, संदिग्ध मतपत्र प्रबंधन और मतगणना से पूर्व की तैयारियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने आपात स्थिति में शांत और संयमित रहकर कार्य करने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों ने मशीनों के साथ लाइव डेमो सत्र में भाग लिया और अपने सवाल पूछे, जिनका समाधान प्रशिक्षकों द्वारा मौके पर ही किया गया। मुख्य प्रशिक्षकों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने को प्रत्येक मतदानकर्मी का प्रथम कर्तव्य बताया।
डीपीआरओ परिमल कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में कर्मियों की सहभागिता और उत्साह से यह स्पष्ट है कि मधुबनी शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रशिक्षण स्थलों – राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (सागरपुर, पंडौल), दिल्ली पब्लिक स्कूल (बसुआरा) और डॉन बॉस्को स्कूल (बसुआरा) – पर जिला स्वीप (SVEEP) कोषांग द्वारा मतदाता जागरूकता स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर आकर्षक पोस्टर, रंगोली और सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे।
मतदाता शपथ कार्यक्रम के दौरान कर्मियों ने आगामी चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए जनता को प्रेरित करने का संकल्प भी लिया।
