चूरू कोतवाली पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना 19 सितंबर की रात मीना मस्जिद के पास हुई थी।
.
कोतवाली थाना के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि वार्ड 25 निवासी आसिफ ने इस संबंध में मामला दर्ज करवाया था। आसिफ के अनुसार, 19 सितंबर की रात वह काम से घर लौट रहा था। मीना मदरसा के आगे पहले से घात लगाए बैठे करीब दर्जनभर युवकों ने उसे रोका और लाठी, सरिया व बर्छी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आसिफ के सिर, हाथ और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
आसिफ के शोर मचाने पर उसके चाचा रूस्तम, लुकमान, जाहिद, अनवर और अदनान मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने उन पर भी बेरहमी से हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, आसिफ, रमजान, मोहम्मद शेख, अब्बास और जाकिर सहित कई अन्य युवकों ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया था।
शुरुआत में समाज के दबाव और बातचीत के चलते परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी। हालांकि, बाद में उन्हें धमकियां मिलने लगीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया।
कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान नामजद आरोपियों में से अब्बास, जाकिर हुसैन, मोहम्मद शेख, रमजान और आसिफ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
