तेजस्वी यादव ने जनसभा को संबोधित किया।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को नवादा जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कीं। उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे और अपना दृष्टिकोण लोगों के सामने रखा।
.
तेजस्वी ने नवादा, गोविंदपुर, हिसुआ, वारिसलीगंज और रजौली विधानसभा क्षेत्रों में हवाई दौरा कर जनसभाओं को संबोधित किया। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के नेमदारगंज स्थित मनरेगा भवन मैदान में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी नीतू देवी के समर्थन में एक सभा को संबोधित किया।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को एक नया और विकसित राज्य बनाने के लिए बदलाव आवश्यक है। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार को समाप्त करने का संकल्प लिया।
तेजस्वी यादव ने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर हर परिवार को एक सरकारी नौकरी, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य, महिलाओं के लिए ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत 2,500 रुपए मासिक सहायता और 500 रुपए में गैस सिलेंडर जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी।
लोगों से सरकार बदलने की अपील
उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और महागठबंधन के उम्मीदवारों को वोट देकर बिहार को “चिंता मुक्त और चेंज मेकर” बनाने की अपील की। यादव ने यह भी कहा कि पिछले 20 वर्षों से बिहार को बदनाम करने वाली सरकारों को हटाने का यही सही समय है।
जनसभा में लोगों की भारी भीड़
तेजस्वी यादव की जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उदय यादव, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रेणु सिंह, हिसुआ नगर परिषद अध्यक्षा पूजा कुमारी और करणी सेना के रणविजय सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।
