मुख्य बातें

वर्ल्ड अपडेट्स: इंग्लैंड के आइल ऑफ वाइट इलाके में हेलिकॉप्टर क्रैश, 4 लोग सवार थे

वर्ल्ड अपडेट्स:  इंग्लैंड के आइल ऑफ वाइट इलाके में हेलिकॉप्टर क्रैश, 4 लोग सवार थे


2 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

हादसे के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।

इंग्लैंड के आइल ऑफ वाइट इलाके में सोमवार को एक हेलिकॉप्टर खेत में क्रैश हो गया। इसमें चार लोग सवार थे। हादसे में एक इंसान घायल हुआ, जिसका पास के ही एक हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक हादसे की वजह से आसपास की सड़कें बंद है और लोगों से हादसे वाली जगह नहीं जाने को कहा गया है। हैम्पशायर और आइल ऑफ वाइट एयर एम्बुलेंस और कोस्ट गार्ड की टीमें मौके पर पहुंच गई है।

एक महिला ने बताया कि उसने हेलिकॉप्टर को हवा में हिचकोले खाते देखा, फिर वह झाड़ियों में गिर गया। उसने कहा कि हेलिकॉप्टर में चार लोग थे और शायद एयरबैग खुल गए थे।

एयर एम्बुलेंस के प्रवक्ता ने कहा कि उनकी टीम, जिसमें डॉक्टर और पैरामेडिक हैं मौके पर काम कर रहे हैं। मामले की जांच शुरू हो गई है, लेकिन अभी यह नहीं पत चल पाया है कि यह हादसा क्यों हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…

बांग्लादेश में इस साल अबतक 306 बच्चियों का रेप, यह पिछले साल के कुल मामले से 72 ज्यादा

बांग्लादेश में 2025 के शुरुआती 7 महीनों में 306 बच्चियों का रेप किया गया। जबकि पिछले साल इस तरह के कुल 234 मामले दर्ज किए गए थे।

यानी इस साल के शुरुआती 7 महीने में ही पिछले साल से रेप के 72 ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। यह जानकारी मानवाधिकार संगठन ऐन ओ सलिश सेंटर (ASK) ने दी है।

ASK के मुताबिक, इस साल सबसे ज्यादा मामले मार्च (106) और अप्रैल (64) में दर्ज किए गए। इसके अलावा, 129 लड़कियों के साथ रेप की कोशिश की गई, जिनमें 35 की उम्र 0-6 साल के बीच थी। इनमें से सिर्फ 85 मामलों में केस दर्ज हुआ।

पिछले 7 महीने में 30 लड़कों का भी रेप हुआ, लेकिन इनमें से सिर्फ 20 मामलों में केस दर्ज हुआ। 49 लड़कियों को राह चलते यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जबकि 22 लड़कियों का उनके टीचर ने शोषण किया।

बांग्लादेश सुप्रीम कोर्ट की वकील आयशा अख्तर ने बताया कि सामाजिक कलंक, परिवार का दबाव, और कमजोर कानूनी कार्रवाई के कारण कई मामले दर्ज नहीं होते या अनसुलझे रह जाते हैं। उन्होंने कहा- जांच में देरी और आरोपी और उससे परिवार का रसूख भी कानूनी कार्रवाई पर असर डालता है।

गाजा में हॉस्पिटल पर इजराइल का मिसाइल हमला, 15 की मौत, इनमें तीन पत्रकार

गाजा के हेल्थ मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार को दक्षिणी गाजा में नासर हॉस्पिटल की चौथी मंजिल पर इजराइली मिसाइल हमले में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन पत्रकार शामिल हैं। मरने वालों में अल जजीरा और रॉयटर्स के पत्रकार थे।

हेल्थ मंत्रालय ने बताया कि यह हमला एक “डबल-टैप” हमला था, जिसमें लगातार दो मिसाइल हमले हुए। इससे रेस्क्यू का काम और ज्यादा खतरनाक हो गया।

इजराइली सेना ने इस हमले पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। हालांकि, इजराइल ने पहले अस्पतालों पर हमलों को यह कहकर जायज ठहराया है कि वहां हमास के आतंकवादी कमांड और कंट्रोल सेंटर चला रहे थे।

कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स (CPJ) के मुताबिक, इजराइल-हमास संघर्ष अब तक कुल 192 पत्रकार मारे गए हैं। जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 200 से ज्यादा पत्रकारों के मारे जाने की कही गई है। इस जंग के मुकाबले अब तक रूस-यूक्रेन वॉर में सिर्फ 18 पत्रकारों की मौत हुई है।

गाजा के हेल्थ मंत्रालय ने बताया कि इस जंग में अब तक 62,686 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। अनुमान के मुताबिक मरने वालों में लगभग आधे महिलाएं और बच्चे हैं।

पाकिस्तानी मीडिया का दावा- भारत ने पाकिस्तान को बाढ़ की चेतावनी दी, सिंधु जल संधि के तहत जानकारी शेयर की

पाकिस्तान के मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारत ने सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को संभावित बाढ़ की जानकारी दी है।

जियो न्यूज और द न्यूज इंटरनेशलनल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत ने 24 अगस्त की सुबह जम्मू की तवी नदी में बड़े बाढ़ की आशंका को लेकर इस्लामाबाद को आगाह किया। कहा जा रहा है कि भारतीय उच्चायोग ने यह अलर्ट सीधे पाक अधिकारियों को भेजा।

हालांकि, अब तक न तो नई दिल्ली और न ही इस्लामाबाद की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई है।

अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था।

रूसी विदेश मंत्री बोले- जेलेंस्की से मिलने को पुतिन तैयार, लेकिन उनके राष्ट्रपति होने पर शक; वैधता पर सवाल उठाए

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलने को तैयार हैं। हालांकि उन्होंने जेलेंस्की की राष्ट्रपति पद की वैधता पर सवाल उठाए।

लावरोव ने अमेरिकी चैनल NBC को दिए इंटरव्यू में कहा-

QuoteImage

बातचीत तभी मायने रखेगी जब हमें यह साफ हो कि दस्तावेज पर साइन करने वाला व्यक्ति वैध है। यूक्रेन के संविधान के हिसाब से जेलेंस्की अब राष्ट्रपति नहीं हैं। वह डिफैक्टो हेड तो हैं, लेकिन समझौते पर साइन कौन करेगा, यह गंभीर सवाल है।

QuoteImage

रूस लंबे समय से जेलेंस्की की वैधता पर सवाल उठाता रहा है। उनका कार्यकाल मई में खत्म हो चुका है, लेकिन कीव का कहना है कि मार्शल लॉ लागू होने से उनकी शक्तियां बढ़ी हैं और वह अब भी राष्ट्रपति हैं।

जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि पुतिन से सीधी मुलाकात ही युद्ध रोकने का सबसे असरदार तरीका है।

इजराइल का यमन की राजधानी सना पर हवाई हमला; 4 लोगों की मौत, 67 घायल

इजराइल की वायुसेना ने रविवार को यमन को राजधानी सना में हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई और 67 घायल हुए।

ये हमला यमन के हूती विद्रोहियों की तरफ से इजराइल पर किए जा रहे मिसाइल हमलों के जवाब में किया गया।

इससे पहले शुक्रवार रात हूती विद्रोहियों ने पहली बार क्लस्टर बम वारहेड से लैस बैलिस्टिक मिसाइल इजराइल पर दागी।

मिसाइल का एक हिस्सा इजराइल के गिनातोन कस्बे में एक घर से टकराया। घर की महिला सुरक्षित बच गई क्योंकि वह शेल्टर में थी।

इसी के बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई में यमन की राजधानी सना को निशाना बनाया।

इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) के मुताबिक उसने यमन के राष्ट्रपति भवन, एक ईंधन डिपो और दो पावर स्टेशन को निशाना बनाया गया।

IDF ने दावा किया कि ये पावर स्टेशन हूती लड़ाकों की सैन्य गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहे थे।

अमे​रिका में ट्रक चलाने के लिए ड्राइवर सीख रहे हैं अंग्रेजी, जिन्हें नहीं आती सरकार उन्हें हटा रही

अमेरिका में ट्रम्प प्रशासन की नई पॉलिसी के चलते मैक्सिकन ट्रक ड्राइवरों को अब इंग्लिश सीखनी पड़ रही है।

सरकार ने पुराने कानून को फिर से लागू करते हुए साफ कहा है कि जो ड्राइवर इंग्लिश नहीं बोल सकते, उन्हें सड़क से हटा दिया जाएगा।

इसके चलते मेक्सिको की ट्रांसपोर्ट कंपनियां अपने ड्राइवरों को तेजी से इंग्लिश सिखाने में जुट गई हैं।

अमेरिका के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के मुताबिक, इस साल अब तक 5,000 से ज्यादा मेक्सिकन ट्रक ड्राइवरों को इंग्लिश न आने के कारण नियमों का उल्लंघन करते पाया गया है।

सरकार का कहना है कि यह फैसला सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी है।

न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में भारतवंशी जोहरान चंदा जुटाने में सबसे आगे; लोकप्रियता में ट्रम्प के प्रत्याशी पर 19 अंक की बढ़त

अमेरिका के न्यूयॉर्क में मेयर का रोचक बनता जा रहा है। इस चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार भारतवंशी जोहरान ममदानी ने चंदा जुटाने में सभी प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया है।

जुलाई से अगस्त मध्य तक ममदानी ने 9.18 करोड़ रुपए जुटाए, जो उनके प्रतिद्वंद्वी एंड्रयू कुओमो (4.73 करोड़ रुपए) और मौजूदा मेयर एरिक एडम्स (3.71 करोड़ रुपए) से लगभग दोगुना है।

वहीं, राष्ट्रपति ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी कर्टिस स्लिवा को 3.56 करोड़ रु. मिले हैं। उधर, एक चुनावी सर्वे में ममदानी 19 अंकों से कुओमो से आगे बताए गए।

वे स्थिर किराया, मुफ्त बस व चाइल्डकेयर, सिटी ग्रोसरी और यूनिवर्सिटी पर टैक्स बढ़ाने जैसे वादों से चर्चा में हैं। ममदानी की फंडिंग और लोकप्रियता ने चुनावी दौड़ में बढ़त दिला दी है।

ट्रम्प का आदेश- अमेरिका का झंडा जलाया तो जेल होगी:प्रवासियों का देश निकाला होगा, बिना पैसे जमा किए जमानत पर भी रोक

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को दो एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए। पहले ऑर्डर में बिना पैसे जमा किए आरोपियों को रिहा करने (कैशलेस बेल) की व्यवस्था खत्म की गई। वहीं, दूसरे में अमेरिकी झंडा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का प्रावधान किया गया है।

ट्रम्प के एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के मुताबिक अमेरिकी झंडा झंडा जलाने वालों को जेल में डालने और अगर वे इमिग्रेंट (विदेशी नागरिक) हैं, तो उन्हें देश से निकालने की बात कही गई है।

1989 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 5-4 के फैसले में कहा था कि झंडा जलाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के तहत आता है, लेकिन ट्रम्प ने अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी से कहा है कि वे ऐसा मामला खोजें, जिससे इस फैसले को चुनौती दी जा सके। यहां पढ़ें पूरी खबर…

भारत बोला-पाकिस्तान को इंसानियत के नाते बाढ़ का अलर्ट दिया:ऑपरेशन सिंदूर के बाद बातचीत बंद थी; जम्मू में रिकॉर्ड बारिश से वहां बाढ़ का खतरा

भारत ने जम्मू-कश्मीर की तवी नदी में बाढ़ के हालात को देखते हुए मानवीय आधार पर पाकिस्तान को इसकी जानकारी दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह कदम पूरी तरह से मानवीय सहायता के मकसद से उठाया गया है।

इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन ने रविवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को बाढ़ की जानकारी दी है। यह पहला मौका है जब इस तरह की जानकारी हाई कमीशन के जरिए साझा की गई।

आमतौर पर, सिंधु जल संधि के तहत बाढ़ से जुड़ी चेतावनी दोनों देशों के वाटर कमिश्रर के बीच शेयर की जाती थी। इसी साल मई में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से दोनों देशों में बातचीत लगभग बंद है।

जम्मू में रविवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में 190.4 मिमी बारिश हुई, जो पिछले 100 साल में अगस्त महीने में होने वाली दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले 1926 के अगस्त महीने में 228.6 मिमी हुई थी, जो बीते 100 सालों सबसे ज्यादा है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

बांग्लादेश बोला- पाकिस्तान 1971 के जनसंहार के लिए माफी मांगे:पाकिस्तानी मंत्री बोले- दो बार मांग चुके; दोस्ती के लिए इस्लाम का वास्ता दिया

बांग्लादेश ने पाकिस्तान से 1971 में हुए जनसंहार के लिए माफी मांगने को कहा है। दरअसल, PAK उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार बांग्लादेश दौरे पर गए थे। यहां उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश के साथ 1971 का विवाद हल हो चुका है।

हालांकि, बांग्लादेश ने पाकिस्तान के दावे को खारिज कर दिया। विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने साफ कहा कि पुराने मुद्दों को सुलझाकर ही दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्ते बनाए जा सकते हैं।

दरअसल, 1971 की जंग में पाकिस्तानी सेना पर हजारों बांग्लादेशी महिलाओं के साथ रेप, हत्या और आगजनी का आरोप लगा था। इसे लेकर इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तान 2 बार बांग्लादेश से माफी मांग चुका है।

डार ने बांग्लादेश से संबंध बेहतर करने के लिए इस्लाम की दुहाई भी दी। उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा- इस्लाम भी हमें अपने दिलों को पाक (शुद्ध) करने के लिए कहता है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

भारतीय राजदूत बोले- रूस से तेल खरीदता रहेगा भारत:जहां सस्ता तेल मिलेगा, वहीं से लेंगे; ट्रम्प के टैरिफ को बेबुनियाद बताया

रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने कहा है कि भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा। रविवार को रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां तेल वहीं से खरीदेंगी जहां उन्हें सबसे अच्छा सौदा मिलेगा। उन्होंने भारत पर अमेरिका के 50% टैरिफ को बेबुनियाद बताया।

ट्रम्प ने रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है, जो 27 अगस्त से लागू हो जाएगा। इससे पहले ट्रम्प जुलाई में भारत पर 25% टैरिफ लगा चुके हैं, जिससे आने वाले दिनों में भारतीय सामान के आयात पर अमेरिका में 50% टैरिफ देना होगा।

भारत में रूसी डिप्लोमेट रोमन बाबुश्किन ने 20 अगस्त को बताया था कि भारत को रूस के कच्चे तेल पर करीब 5% की छूट मिल रही है। ।

भारत, चीन के बाद रूसी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है। यूक्रेन युद्ध से पहले भारत रूस से सिर्फ 0.2% (68 हजार बैरल प्रतिदिन) तेल इम्पोर्ट करता था। मई 2023 तक यह बढ़कर 45% (20 लाख बैरल प्रतिदिन) हो गया, जबकि 2025 में जनवरी से जुलाई तक भारत हर दिन रूस से 17.8 लाख बैरल तेल खरीद रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

————————————-

24 अगस्त के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *