6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का कहना है कि भारत-अमेरिका के रिश्ते काफी पेचीदा हैं, लेकिन उन्हें भरोसा है कि दोनों देश आखिरकार एक साथ आएंगे। उन्होंने बुधवार को फॉक्स न्यूज से इंटरव्यू में कहा कि वे मई या जून तक भारत के साथ व्यापार समझौता होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भारत ने बातचीत को लंबा खींच लिया।
बेसेंट ने कहा- भारत ने रूस से तेल खरीदकर मुनाफा कमाया और बातचीत में ढीला रवैया दिखाया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अमेरिका सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, इसलिए दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्ते हैं और भविष्य में एक अच्छा समझौता हो सकता है।
अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा- अमेरिका को भारत के साथ व्यापार में बहुत नुकसान हो रहा है, क्योंकि भारत अमेरिकी सामानों पर बहुत ज्यादा टैरिफ लगाता है।
जब पूछा गया कि क्या भारत अपने रुपए में व्यापार करेगा या ब्रिक्स देशों के साथ काम करेगा, तो बेसेंट ने कहा कि रुपए के ग्लोबल करेंसी बनने की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा- मुझे कई चीजों की फिक्र है, लेकिन रुपए के ग्लोबल करेंसी बनने का मुद्दा उसमें शामिल नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
ब्रिटेन में 2 बुजुर्ग सिख टैक्सी ड्राइवर पर नस्लीय हमला, आरोपियों ने जमीन पर पटका, मारपीट की

ब्रिटेन के वॉल्वरहैम्प्टन रेलवे स्टेशन के बाहर 2 बुजुर्ग सिख टैक्सी ड्राइवरों, सतनाम सिंह और जसबीर सांघा पर नस्लीय हमला किया गया। इस मामले में एक 17 साल के लड़के और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार गया, जिन्हें बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया। अबतक यह नहीं पता चल सका है कि यह हमला कब किया गया था।
सतनाम सिंह ने मीडिया को बताया कि तीन लोगों ने उन्हें नस्लीय गालियां दी और फिर उन्हें जमीन पर धक्का दे दिया, जिससे उनकी पगड़ी उतर गई। सतनाम सिंहा ने कहा- जब मेरी पगड़ी उतरी, मुझे ऐसा लगा जैसे मैं मर गया हूं।
वहीं, जसबीर सांघा ने बताया कि हमला अचानक हुआ था। हमने बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने हमें जमीन पर पटककर लात मारी। इस हमले में मेरी दो पसलियां टूट गईं। जसबीर ने कहा- मुझे बहुत दर्द हुआ। अब बैठने, खड़े होने और खांसने में भी मुश्किल हो रही है।
वहां मौजूद लोगों ने इस हमले का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दोनों ड्राइवरों ने उन लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने हमलावरों को रोकने की कोशिश की।
ट्रम्प बोले- मुझे चीनी स्टूडेंट्स का अमेरिका आना पसंद, वे नहीं आए तो हमारी यूनिवर्सिटी बंद हो जाएंगी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने मंगलवार को कहा कि उन्हें चीन और दूसरे देशों के छात्रों का अमेरिका आकर पढ़ाई करना पसंद है। ट्रम्प ने कहा कि अगर ये छात्र अमेरिका नहीं आएंगे तो यहां की यूनिवर्सिटी खत्म हो जाएंगी।
ट्रम्प ने आगे कहा कि चीन से हमारे अच्छे संबंध हैं। उनके छात्रों को आने से रोकना उनकी बेइज्जती होगी। इस बयान के ठीक एक दिन पहले ट्रम्प ने मैग्नेट और रेयर अर्थ मटेरियल नहीं देने पर चीन को 200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी थी।
अमेरिकी विदेश विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 2023-2024 में US में चीनी छात्रों की संख्या 277,398 थी। यह अमेरिका में पढ़ने वाले 11 लाख 30 विदेशी छात्रों का 24.5 प्रतिशत है।
ट्रम्प सरकार ने दूसरे कार्यकाल में विदेशी स्टूडेंट्स को वीजा देने के नियम सख्त किए हैं। अमेरिका ने अप्रैल में हजारों अंतरराष्ट्रीय छात्रों का F-1 वीजा रद्द कर दिया था।
ट्रम्प सरकार ने विदेशी छात्रों के नए इंटरव्यू शेड्यूल करने पर रोक लगा दी है और छात्रों के सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच को और कड़ा कर दिया है।
ट्रम्प प्रशासन अब अमेरिकी नागरिकता देने से पहले पड़ोसियों से पूछताछ करेगी, चरित्र-व्यवहार का पता लगाने के उठाया कदम

अमेरिकी नागरिकता चाहते हैं तो अब आपको अपने पड़ोसियों से अच्छे रिश्ते रखने होंगे। दरअसल, ट्रम्प प्रशासन ने अमेरिकी नागरिकता देने के लिए 34 साल पुरानी जांच प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला किया है।
अब नागरिकता देने से पहले सरकार लोगों के पड़ोसियों से उनके चरित्र और व्यवहार के बारे में पूछताछ करेगी। इस जांच प्रकिया को 1991 में बंद कर दिया गया था।
अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा USCIS के निदेशक जोसेफ बी. एडलो ने इस कदम का समर्थन करते हुए कहा कि यह कदम बेहद जरूरी है।
उनका कहना है कि ये जांच सुनिश्चित करेगी कि आवेदक अच्छे चरित्र वाले हों, अमेरिकी संविधान का सम्मान करें और देश की शांति और व्यवस्था के लिए सही हों।
अमेरिकी नागरिकता लेने के लिए आवेदकों को पहले से ही कई शर्तें पूरी करनी होती हैं, जैसे कई सालों तक वैध स्थायी निवास, नागरिकता और अंग्रेजी परीक्षा पास करना और गंभीर अपराधों से बचना।
हाल ही में, USCIS ने नागरिकता देने से पहले अमेरिका विरोधी गतिविधियों की जांच और सोशल मीडिया की निगरानी शुरू करने की भी घोषणा की थी।
भारत ने गाजा में पत्रकारों की हत्या को दुखद बताया, सोमवार को 5 पत्रकार समेत 21 लोग मारे गए थे

भारत ने बुधवार को गाजा के खान यूनिस में पत्रकारों की हत्या पर चिंता जताई और इसे दुखद बताया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया से कहा, ‘पत्रकारों की हत्या चौंकाने वाली और बेहद खेदजनक है। भारत ने हमेशा संघर्ष में नागरिकों की जान जाने की निंदा की है। हम समझते हैं कि इजरायली अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी होगी।’
दरअसल, इजराइली सेना ने सोमवार को खान यूनिस के नासिर अस्पताल पर बमबारी की जिसमें 5 पत्रकारों, चिकित्सकों और बचावकर्मियों सहित 21 लोगों की मौत हो गई थी।
हेल्थ मंत्रालय ने बताया कि यह हमला एक डबल-टैप हमला था, जिसमें लगातार दो गोलों से हमले हुए। पहला हमला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर हुआ, जिसके कुछ ही मिनटों बाद दूसरा हमला हुआ।
इजराइल के प्रधानमंत्री ऑफिस ने सोमवार को इस हमले पर अफसोस जताया था और जांच करने की बात कही थी।
टेलर स्विफ्ट ने अमेरिकी फुटबॉलर ट्रैविस केल्स से सगाई की, इंस्टाग्राम पर लिखा- आपकी इंग्लिश और जिम टीचर शादी कर रहे हैं

पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट और अमेरिकी फुटबॉलर ट्रैविस केल्स ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक रोमांटिक पोस्ट के साथ अपनी सगाई की घोषणा की। जिसके कैप्शन में लिखा था, ‘आपकी अंग्रेजी टीचर और जिम टीचर शादी कर रहे हैं।’
इस पोस्ट को 24 मिलियन लाइक्स और 1.6 मिलियन री-पोस्ट मिले। टेलर के फैंस, जो खुद को ‘स्विफ्टीज’ कहते हैं, इस मशहूर कपल के लिए सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ न्यूयॉर्क में इस हफ्ते यूक्रेनी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे

अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने कहा है कि वह इस सप्ताह न्यूयॉर्क में यूक्रेनी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका, रूस के साथ हर दिन बातचीत कर रहा है ताकि यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म किया जा सके।
विटकॉफ ने फॉक्स न्यूज को बताया, ‘मैं इस सप्ताह यूक्रेन के अधिकारियों से मिलूंगा। यह एक महत्वपूर्ण कदम है। हम रूस के साथ रोज बात करते हैं।’ उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शांति प्रयासों पर उम्मीद जताई और कहा कि पुतिन ने अलास्का समिट में सकारात्मक रुख दिखाया था।
15 अगस्त को अलास्का में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और पुतिन के बीच मुलाकात हुई थी, जबकि 18 अगस्त को व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ चर्चा की थी।
इसके बाद ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका की मौजूदगी में जेलेंस्की और पुतिन के बीच जल्द ही बैठक हो सकती है। हालांकि, जेलेंस्की का कहना है कि रूस इस बैठक में अड़चनें डाल रहा है, जबकि रूसी अधिकारी कहते हैं कि अभी कोई अंतिम एजेंडा तय नहीं हुआ है।
विटकॉफ ने कहा कि किसी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए ट्रम्प की मौजूदगी जरूरी होगी। वहीं, ट्रम्प ने रूस को चेतावनी दी है कि अगर दो हफ्तों में शांति की दिशा में ठोस प्रगति नहीं हुई तो रूस पर नए प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
ट्रम्प बोले- वाशिंगटन डीसी में हत्या के मामलों में मौत की सजा की मांग करेंगे, बाइडेन प्रशासन ने रोक लगाई थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को कहा कि वो वाशिंगटन डीसी में हत्या के मामलों में अब मौत की सजा देने की मांग करेंगे।
व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान ट्रम्प ने कहा, ‘अगर कोई वाशिंगटन डीसी में हत्या करता है, तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। यह अपराध से निपटने के लिए एक मजबूत कदम होगा।’
ट्रम्प ने वाशिंगटन में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए वाशिंगटन डीसी को अपने कंट्रोल में ले रखा है। साथ ही 700 से ज्यादा नेशनल गार्ड्स को तैनात किया है।
हालांकि, शहर की गवर्नर का कहना है कि अपराध का स्तर उतना गंभीर नहीं है, जैसा ट्रम्प दावा कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, 2023 में अपराध में वृद्धि के बाद अब इसमें कमी आई है।
वाशिंगटन में छोटे अपराधों के लिए मौत की सजा नहीं मिलती है, लेकिन कुछ अपराधों के लिए यह लागू हो सकती है। ट्रम्प प्रशासन ने हाल ही में सरकार को अपराधियों के खिलाफ फेडरल क्राइम (वे अपराध हैं जो केंद्र के पारित कानूनों का उल्लंघन करते हैं) के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
इस साल फरवरी में अटॉर्नी जनरल पॅाम बॉन्डी संघीय फांसी पर लगी रोक को हटा दिया था। इस पर बाइडेन प्रशासन ने रोक लगाई थी।
—————————————-
26 अगस्त के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…
