शशांक राठौर | बरेली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बरेली के तुलाशेरपुर 100 फीटा रोड स्थित जन आदर्श कॉलोनी में नाली निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्ड-3 के दर्जनों महिला-पुरुष दामोदर स्वरूप सेठ पार्क के पास अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं।
कॉलोनी में दो अलग-अलग ठेकेदारों को नाली और सीसी रोड बनाने का काम दिया गया था। पहले ठेकेदार ने दक्षिण दिशा की नाली सही स्तर पर बनाई। इससे पानी 100 फीटा रोड पर बने 10 फीट गहरे नाले में आसानी से जा रहा था। दूसरे ठेकेदार ने उत्तर दिशा की नाली का लेवल ऊंचा रख दिया। इस कारण कॉलोनी में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम ने पुरानी नाली तोड़कर 2 फीट ऊंची नाली बनवाई है। इससे पूरी कॉलोनी की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई है।
कॉलोनीवासी महापौर, नगर आयुक्त, जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। लेकिन हर बार फर्जी आख्या लगाकर मामले का निस्तारण दिखा दिया गया।
अनशनकारियों ने कहा है कि जब तक नाली का निर्माण पहले ठेकेदार द्वारा बनाए गए स्तर पर नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। अनशन में किरन तिवारी, अवनीश तिवारी, खरग सिंह, रामवेटी, आरती देवी मौर्य, नवनीत तिवारी और हरि प्रसाद सहित कई लोग शामिल हैं।
