मुख्य बातें

फरीदाबाद में लोहे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी: गड्ढे में टायर फंसने से हादसा; बाइक दबी, 2 युवकों ने कूदकर बचाई जान – Ballabgarh News

फरीदाबाद में लोहे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी:  गड्ढे में टायर फंसने से हादसा; बाइक दबी, 2 युवकों ने कूदकर बचाई जान – Ballabgarh News


गड्ढे में टायर फंसने से फलटा ट्रैक्टर-ट्रॉली, मौके पर पहुंचे लोग।

फरीदाबाद में लोहे की भारी सिल्लियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। हादसे के समय गली में खड़ी एक बाइक ट्रॉली के नीचे दब गई और बाइक पर बैठे दो लोग जान बचाकर समय रहते कूद गए, जिससे उनकी जान बच पाई।

.

हादसा सरूरपुर इंडस्ट्रियल एरिया की गली नंबर-6 में शनिवार रात करीब साढ़े 8:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शी राकेश ने बताया कि वह अपने साथी बीर प्रताप सिंह के साथ बाइक पर गली के कोने पर खड़े थे।

उसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली गली में मुड़ रही थी। बारिश के पानी से गली में गड्ढे बने हुए थे। जैसे ही ट्रॉली का एक टायर गड्ढे में गया, वह अचानक असंतुलित होकर पलट गई। इस दौरान ट्रॉली सीधी उनकी बाइक की ओर गिरी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग।

ट्रॉली के नीचे दबकर टूटी बाइक

राकेश ने कहा कि हालात को भांपते हुए दोनों ने फुर्ती दिखाते हुए बाइक छोड़कर तुरंत साइड में छलांग लगा दी। इसी वजह से उनकी जान बच गई। हालांकि साथी बीर प्रताप को हाथ में हल्की चोट आई, जबकि बाइक ट्रॉली के नीचे दबकर टूट गई।

राकेश ने बताया कि ट्रॉली में रखी लोहे की सिल्लियां बेहद भारी थीं। यदि वे समय रहते बाइक से कूदकर अलग न होते, तो दोनों की जान पर बन आती। हादसे में बाइक का इंजन कवर प्लेट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रॉली का कुछ हिस्सा पीछे खड़े एक ऑटो पर भी जा गिरा।

ट्रॉली के नीचे दबकर टूटी बाइक।

ट्रॉली के नीचे दबकर टूटी बाइक।

पुलिस ने क्रेन से हटवाई ट्रॉली

हादसे के बाद गली और सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पर्वतीय पुलिस चौकी के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारू कराया। करीब 10 मिनट बाद दूसरा ट्रैक्टर बुलवाकर पलटी हुई ट्रॉली से लोहे की सिल्लियों को उतारा गया और बाद में हाइड्रा क्रेन की मदद से ट्रॉली को सीधा कर रास्ता साफ करवाया गया।

बारिश बाद सड़क पर गड्ढे

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरूरपुर इंडस्ट्रियल एरिया की गलियों में बरसात के बाद बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनकी वजह से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जनहानि नहीं हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *