जैसलमेर। कोबरा प्रजाति के जहरीले सांप ने सबको डराया।
जैसलमेर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बीती रात एक महिला को घर में लगे तुलसी के पौधे के पास एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। घबराई महिला ने तुरंत परिवार वालों को सूचना दी और स्थानीय स्नेक कैचर साहिल को बुलाया गया।
.
साहिल मौके पर तुरंत पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान कोबरा घर के बाहर रखे सामान के पीछे छुप गया था। साहिल ने बिना कोई जोखिम उठाए सांप को सुरक्षित पकड़ा और जंगल में छोड़ दिया। सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ देने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और साहिल के काम की जमकर तारीफ की।
साहिल खान ने किया सांप को रेस्क्यू।
बिलों में पानी आने से रहवासी इलाके में घुसा सांप
स्नैक कैचर साहिल ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप के बिलों में पानी भर आता है जिससे वे बाहर आते हैं और भोजन आदि की तलाश में रहवासी इलाकों में घुस आते हैं। हालांकि वे इंसानों पर सीधे हमला नहीं करते हैं, मगर ख़तरा होने की स्थिति में वे खतरनाक भी हो सकते हैं। इसलिए सभी को सावधानी बरतने की काफी आवश्यकता है। साहिल ने अपील करते हुए लोगों से कहा- पर्यावरण का हिस्सा हैं सांप, उनको मारें नहीं। उनको सुरक्षित तरीके से जंगल में छुड़वाएं।
अगर आपके घर के पास भी निकल आए सांप, तो क्या करें?
- सांप दिखने पर घबराएं नहीं
- उसे छेड़ने या मारने की कोशिश न करें
- तुरंत किसी प्रशिक्षित स्नेक कैचर या वन विभाग को कॉल करें
- घर के आसपास झाड़ियां, कबाड़ या कचरा जमा न होने दें
- विशेषकर बारिश के मौसम में सावधानी बढ़ाएं, क्योंकि यही समय होता है जब साँप रिहायशी इलाकों की तरफ आते हैं

साहिल खान ने सांप को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
