चंडीगढ़ में हाई परचेज कमेटी की बैठक लेते हुए सीएम नायब सैनी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम स्थित बसई वाटर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट के मुख्य अभियंता को चार्जशीट करने के आदेश दिए हैं। ऐसे आदेश टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ
.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया में नियमों की जानबूझकर अनदेखी की गई, जिससे राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान हुआ। साथ ही, कार्य में अनावश्यक विलंब हुआ और जनता को समय पर लाभ नहीं मिल पाया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाई पावर परचेज कमेटी (HPPC) व हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। जनहित के खिलाफ कोई भी कार्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी और जवाबदेह शासन देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईमानदारी, गुणवत्ता और समय पर कार्य निष्पादन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा और राज्य मंत्री राजेश नागर भी मौजूद रहे।
851 करोड़ रुपये के ठेकों और खरीद को मंजूरी
बैठक में करीब 851 करोड़ रुपये की ठेकों और खरीद से जुड़ी प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। निविदाकारों से हुई बातचीत के दौरान लगभग 28 करोड़ रुपये की बचत हुई। कमेटियों ने 133 करोड़ रुपये के कार्यों को भी मंजूरी दी, जिनमें UHBVN और DHBVN में 16, 20, 25, 63 और 100 KVA क्षमता के ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत शामिल है। इसके अलावा, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और HSWC के लिए 18,353 काले पॉलिथीन कवर की खरीद हेतु वार्षिक दर अनुबंध को भी स्वीकृति मिली।
सड़क निर्माण का बजट मंजूर
बैठक में 178 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कई प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने व सुदृढ़ करने की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें हांसी-तोशाम रोड (SH-12) का चार लेन बनाना और सुदृढ़ीकरण (14.13 करोड़), तोशाम–भिवानी रोड की विशेष मरम्मत व चौड़ीकरण, रोहतक–खरखौदा–दिल्ली बॉर्डर रोड का सुदृढ़ीकरण, रेवाड़ी–दादरी रोड (बेरली कलां से कोसली तक), गोहाना–लखन मजरा–मेहम–भिवानी रोड और फतेहाबाद जिले में सुरेवाला चौक–उकलाना रोड शामिल हैं। इन सभी कार्यों पर लगभग 103.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कैथल जिले में भी कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली, जिनमें कुंजपुरा–करनाल–कैथल–खन्नौरी रोड (SH-8) का सुदृढ़ीकरण, करनाल–कैथल रोड की विशेष मरम्मत, कोंड–मूनक–सलवान–असंध रोड का सुदृढ़ीकरण और करनाल–रांबा–इंद्री–लाडवा रोड के एक हिस्से पर इंटरलॉकिंग पावर ब्लॉक्स का काम शामिल है। इन कार्यों पर लगभग 75.49 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
अन्य स्वीकृत परियोजनाएं
बैठक में 14 करोड़ रुपये की लागत से राणा डिस्ट्रिब्यूटरी (RD-74250 से RD-109250 तक) के रीमॉडलिंग कार्य को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा, 132/11 KVA क्षमता के ट्रांसफॉर्मरों की 15.47 करोड़ रुपये की खरीद को भी हरी झंडी मिली।
