लखीसराय में गंगा और हरुहर नदी का जलस्तर बढ़ने से दियारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पिपरिया प्रखंड के पथुआ, कन्हरपुर, डीह पिपरिया और बसौना गांवों में पानी प्रवेश कर गया है। स्थिति को देखते हुए ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे
.
प्रशासन इन पैकेटों को प्रभावित गांवों में करेगा वितरित
DM मिथलेश मिश्र के निर्देश पर अशोक सम्राट भवन में राहत सामग्री की तैयारी शुरू कर दी गई है। राहत पैकेट में चूड़ा, गुड़, सत्तू, मोमबत्ती और माचिस जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल की जा रही हैं। प्रशासन इन पैकेटों को प्रभावित गांवों में वितरित करेगा।
प्रखंड प्रशासन, NDRF और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। आपात स्थिति के लिए नावों की व्यवस्था की जा रही है। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी जारी है।
अफवाहों से बचने की अपील
ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है। उनका कहना है कि पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है और फसलें डूबने लगी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से जारी राहत और बचाव कार्य से लोगों में उम्मीद बनी हुई है।
