मुख्य बातें

गोली लगने के बाद खुद अस्पताल पहुंचा घायल डॉक्टर,VIDEO: पेट से खून बहता रहा, कपड़े फट चुके थे; कैथल में आढ़ती ने मारी थी गोली – Kaithal News

गोली लगने के बाद खुद अस्पताल पहुंचा घायल डॉक्टर,VIDEO:  पेट से खून बहता रहा, कपड़े फट चुके थे; कैथल में आढ़ती ने मारी थी गोली – Kaithal News


गोली लगने के बाद खून से लथपथ हालत में पैदल अस्पताल के अंदर आते डॉक्टर प्रतीक।

हरियाणा के कैथल में आढ़ती ने सैर कर रहे डॉक्टर को गोली मार दी। जो डॉक्टर के पेट में लगी। वारदात के बाद स्कूटी पर सवार आढ़ती वहां से फरार हो गया।

.

गोली डॉक्टर के पेट के आर-पार हो गई थी, लेकिन वह घायल अवस्था में खुद ही अस्पताल पहुंच गए। इसका एक CCTV फुटेज भी सामने आया है।

जिसमें दिख रहा है कि डॉक्टर के पेट से खून बह रहा है और कपड़े भी फटे हुए हैं। उनके पीछे साथी भी दौड़कर आते हुए नजर आ रहे हैं।

डॉक्टर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आढ़ती समेत 4 लोगों पर जानलेवा हमले की FIR दर्ज कर ली है।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह फायरिंग 50 लाख के लेन-देन को लेकर की गई। डॉक्टर के परिजनों के बयान लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम ने सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

सबसे पहले 3 पॉइंट में पढ़िए, कैसे हुई वारदात…

  • सेक्टर-21 में सैर करने गया था डॉक्टर : जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर प्रतीक कुमार सेक्टर-19 के रहने वाले हैं। जिन्होंने MBBS की पढ़ाई की हुई है। वे शाहाबाद के आदेश अस्पताल में प्रेक्टिस करते हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे वे घर से सैर करने के लिए निकले थे।
  • पेट में गोली मारकर फरार हुआ आरोपी : डॉक्टर सेक्टर 21 में सैर कर रहे थे। तभी वहां पर स्कूटी सवार युवक आया। जिसने आते ही डॉक्टर पर गोली चला दी। ये गोली डॉक्टर के पेट में लगी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
  • गोली लगते ही कुछ दूर भागे डॉक्टर : जैसे ही डॉक्टर को गोली मारी गई, वह कुछ दूरी तक भागे। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्तों और परिवारवालों को कॉल की। दोस्त मौके पर बाइक से पहुंचे। जिस पर सवार होकर वे अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के गेट पर उतरने के बाद वे पैदल ही भीतर पहुंच गए।
अस्पताल में उपचाराधीन डॉक्टर प्रतीक कुमार।

अस्पताल में उपचाराधीन डॉक्टर प्रतीक कुमार।

अब पढ़िए, पुलिस की प्रारंभिक जांच में क्या निकला…

  • पड़ोसी आढ़ती निकला आरोपी : रविवार शाम हुई इस घटना की सूचना मिलने पर DSP वीरभान मौके पर पहुंचे। जांच के लिए FSL की टीमें भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच एवं घायल डॉक्टर से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बूढ़ाखेड़ा निवासी जितेंद्र है, जो पेशे से आढ़ती है। वह डॉक्टर का पड़ोसी भी है।
  • रिटायरमेंट के पैसों को लेकर हुआ था विवाद : डॉक्टर के पिता गुलाब सिंह ने प्रिंसिपल पद से रिटायर होने के बाद मिले पैसे आढ़ती को उधार दिए थे। इन्हीं रुपए पर अब विवाद चल रहा था। रुपए का लेन-देन का विवाद काफी पुराना है। डॉक्टर का परिवार रुपए वापस मांग रहा, लेकिन आढ़ती देने को तैयार नहीं हो रहा। इसी के चलते रविवार को भी दोनों पक्षों में काफी कहासुनी हुई। जिसके बाद शाम को वारदात को अंजाम दिया गया।
डॉक्टर प्रतीक कुमार की फाइल फोटो। फिलहाल डॉक्टर चंडीगढ़ पीजीआई एडमिट हैं। जहां ICU में उनका इलाज चल रहा है।

डॉक्टर प्रतीक कुमार की फाइल फोटो। फिलहाल डॉक्टर चंडीगढ़ पीजीआई एडमिट हैं। जहां ICU में उनका इलाज चल रहा है।

डॉक्टर के पिता बोले- आरोपियों को 50 लाख दिए थे डॉक्टर के पिता गुलाब सिंह ने बताया कि इस समय डॉक्टर प्रतीक ICU में भर्ती है। उनका करीब 50 लाख रुपए का लेनदेन था। उन्होंने साल 2018-19 व 20 में आरोपियों को इसलिए रुपए दिए थे ताकि आढ़त के जरिए उन्हें ब्याज के साथ राशि वापस मिल सके और उनका पैसा भी एक जगह पर जमा रह सके।

बाद में आरोपी उसे देने में आनाकानी करने लगे। जब इस बारे में आरोपियों से बातचीत की तो पहले उन्होंने कहा कि वे महीने के अनुसार खाता क्लियर होने तक उनको 2 लाख रुपए देते रहेंगे, लेकिन बाद में पैसे देने से मुकर गए और यह वारदात की।

पुलिस ने 4 आरोपियों पर FIR दर्ज की उक्त वारदात के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें गांव बुढ़ा खेड़ा निवासी जितेंद्र, उसके पिता सुरजीत सिंह, भाई अमरजीत और भाभी संगीता का नाम शामिल है। हालांकि अभी पुलिस अभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *