फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर पुलिस ने हेरोइन तस्करी के एक बड़े मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान शिवा गली निवासी पाला राम के नाम से हुई है। उसे कोर्ट के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
.
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सिद्धांत के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी विशेष अभियान के तहत हुई है। यह मामला बीते दिनों गश्त के दौरान शुरू हुआ था, जब पुलिस ने वार्ड 3, गुप्ता कॉलोनी, टोहाना निवासी बंटी उर्फ विंटी को संदेह के आधार पर रोका था।
पन्नी में लिपटी हेरोइन मिली थी
तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक मोबाइल और काले पन्नी में लिपटी 13.65 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना शहर टोहाना में 15 सितंबर 2025 को अभियोग संख्या 307, धारा 21(b), 61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
जांच अधिकारी द्वारा की गई गहन पड़ताल में हेरोइन सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी के रूप में पाला राम की पहचान हुई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पूरे नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस
पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। आरोपी पाला राम का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिससे पता चलता है कि वह आदतन अपराधी है।
उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही पांच अभियोग दर्ज हैं, जिनमें एफआईआर संख्या 617/2022, 111/2024, 405/2024, 145/2025 और 307/2025 शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा तस्करी करने वालों के लिए समाज में नहीं, बल्कि केवल जेल में जगह है।
