झारखंड में हो रही रोजाना बारिश अब आगे भी जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने नवरात्र कलश स्थापना 22 सितंबर तक कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
.
मौसम विभाग ने 19 और 20 सितंबर को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के झोंका के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
वहीं, 21 और 22 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश की वजह से पलामू स्थित नदी उफान पर है।
तीन दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है
राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
सर्वाधिक बारिश रामगढ़ में दर्ज की गई
पिछले 24 घंटे में राज्य में मानसून सामान्य रहा। अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश 26.6 एमएम रामगढ़ में दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज की गई।

गिरिडीह में हुई बारिश।
अब तक सामान्य से 19% अधिक बारिश
1 जून से 18 सितंबर तक झारखंड में औसतन 1123.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 19% अधिक है। जिलेवार आंकड़ों में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम में 1581.9 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 57% ज्यादा है। इसी तरह रांची में 1421.9 मिमी (47% अधिक), सरायकेला-खरसावां में 1403.7 मिमी (50% अधिक) और धनबाद में 1303.5 मिमी (33% अधिक) बारिश हुई।
वहीं, कुछ जिलों में कम वर्षा की स्थिति रही। पाकुड़ में 801.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 25% कम है। इसी तरह गोड्डा में 748.2 मिमी (-9%) और देवघर में 776.1 मिमी (-13%) बारिश हुई। राज्य के अन्य जिलों में वर्षा सामान्य से थोड़ी अधिक या करीब-करीब सामान्य रही।
