मुख्य बातें

बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें: पूर्णिया में मां दुर्गा की मूर्तियां टूटी, बवाल, पटना में तेज बारिश, तेजस्वी के सामने मुस्लिम युवाओं का प्रदर्शन – Bihar News

बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें:  पूर्णिया में मां दुर्गा की मूर्तियां टूटी, बवाल, पटना में तेज बारिश, तेजस्वी के सामने मुस्लिम युवाओं का प्रदर्शन – Bihar News


.

आज की सबसे बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है। यहां मां दुर्गा की टूटी मूर्तियां मिलने के बाद बवाल हो गया। मजगामा हाट इलाके में भीड़ ने आगजनी की है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

टॉप 15 खबरें…

1. पूर्णिया में दुर्गा प्रतिमाएं तोड़ने का आरोप, तोड़फोड़-आगजनी

पूर्णिया में शुक्रवार को मां दुर्गा की टूटी मूर्तियां मिलने के बाद बवाल हो गया। मजगामा हाट इलाके में भीड़ ने आगजनी की है। कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई है। फायरिंग भी हुई है। फायरिंग में एक युवक की पीठ में गोली लगी है। उसे GMCH में भर्ती कराया गया है। मूर्तियों को तोड़ने का आरोप मुस्लिम युवक पर लगा है। गुस्साई भीड़ ने मुस्लिम युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पूरी खबर पढ़े

2. पटना में तेज बारिश, दिन में छाया अंधेरा

बिहार में मानसून पूरी तरह एक्टिव है। आज यानी शुक्रवार को सुबह पटना समेत 12 जिलों में तेज बारिश हो रही है। पटना में दोपहर में 2 बजे अंधेरा छा गया। इसके बाद राजधानी में लगातार हुई बारिश से कई इलाकों पानी भर गया। वहीं सुपौल में कटाव की वजह से सदर अंचल के बलवा पंचायत स्थित लालगंज गांव में कोसी किनारे बना मकान नदी में समा गया। वहीं गोपालगंज, बेतिया में सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला। पूरी खबर पढ़ें

3. हाथ में तिरंगा लेकर सड़क पर बैठे TRE-4 कैंडिडेट्स

TRE-4 के कैंडिडेट्स ने शुक्रवार को पटना कॉलेज से मार्च निकाला। वो बहाली को लेकर सीएम आवास का घेराव करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने कैंडिडेट्स को जेपी गोलंबर के पास रोक दिया। बारिश के बीच 3 घंटे कैंडिडेट्स जेपी गोलंबर पर जमे रहे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच छात्र नेता दिलीप के साथ कुछ कैंडिडेट्स की डेलीगेशन शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव से मिला। उसके बाद कैंडिडेट्स ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया। पूरी खबर पढ़ें

4. ‘अफेयर में भाभी ने पति, ससुर, देवर को मार डाला’, ननद बोली- जहर खिलाया

रोहतास में एक महिला पर पति, ससुर और देवर को खाने में जहर मिलाकर मारने का आरोप लगा है। बुधवार की रात खाना खाने के बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार की सुबह पति विशाल चौधरी(19) और ससुर बेचन चौधरी(48) ने दम तोड़ दिया और आज यानी शुक्रवार को देवर विकास कुमार(14) साल की भी मौत हो गई। विशाल की बहन अनिता कुमारी का कहना है कि, भाभी ने खाने में जहर मिलाकर पापा और मेरे दोनों भाइयों को मार डाला है। पूरी खबर पढ़ें

5. बिहार अधिकार यात्रा में लड़कियों ने RJD लवर गाने पर किया डांस

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा का आज चौथा दिन है। तेजस्वी यादव मधेपुरा से सहरसा पहुंचे। यहां 3 जगहों पर लोगों को संबोधित किया। सहरसा में तेजस्वी की बिहार अधिकार यात्रा के दौरान राजद कार्यकर्ता नारे लगाकर झूमते नजर आए। लड़कियों ने RJD लवर गाने पर डांस किया। पूरी खबर पढ़ें

6. समस्तीपुर से गायब 3 लड़कियां पूर्णिया से रेस्क्यू

समस्तीपुर के अंगारघाट थाना क्षेत्र से गायब हुई 3 नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने पूर्णिया से बरामद कर लिया है। पुलिस ने 2 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि, लड़कियों को नेपाल और बांग्लादेश में बेचने की तैयारी थी। दलालों ने इसके लिए सौदा भी कर लिया था, लेकिन बेचने से पहले पुलिस पहुंच गई। तीनों लड़कियां एक ही गांव की रहने वाली हैं। पूरी खबर पढ़ें

7. पटना में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 48 घंटे बाद खत्म

बिहार में जूनियर डॉक्टरों की 48 घंटे से जारी हड़ताल समाप्त हो गई है। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) ने सरकार से वार्ता सफल होने के बाद काम पर लौटने की घोषणा की। इस दौरान राज्य के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में सामान्य चिकित्सीय सेवाएं प्रभावित रहीं। JDA ने घोषणा किया कि PMCH के स्वास्थ्य विभाग और बिहार सरकार के साथ सफल वार्ता के बाद हड़ताल तत्काल प्रभाव से वापस ले ली गई है। पूरी खबर पढ़ें

8. बिहार कांग्रेस ने कैंडिडेट की फाइल दिल्ली भेजी

दिल्ली में आज कांग्रेस के सीनियर लीडर्स की बैठक है। बिहार कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के संभावित कैंडिडेट की फाइल दिल्ली दरबार भेज दी है। अब केंद्रीय चुनाव समिति उम्मीदवारों का नाम फाइनल करके टिकट देगी। गुरुवार को पटना में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसके बाद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रत्याशी चयन को लेकर हामी भरी। आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस उम्मीदवारों पर विस्तार से चर्चा होगी। पूरी खबर पढ़ें

9. मधेपुरा में टाइल्स दुकान पर फायरिंग, बेटी की मौत

मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने हिंदुस्तान मार्बल टाइल्स दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। निशाने पर दुकान संचालक निरंजन साह थे, लेकिन गोलियां उनकी 13 साल की बेटी पार्वती कुमारी को लग गई। गंभीर रूप से घायल पार्वती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें

10. अभिनेता और बिंदु दारा सिंह पहुंचे पटना, किया रक्तदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा के तहत आज पटना में भाजपा एनआरआई सेल द्वारा मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कंकड़बाग स्थित शिवाजी पार्क में आयोजित इस शिविर में बॉलीवुड अभिनेता और बिग बॉस विजेता बिंदु दारा सिंह शामिल हुए। उन्होंने खुद रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बड़े संख्या में लोगों ने भी अपनी भागीदारी दिखाई। पूरी खबर पढ़ें

11.मधेपुरा में तेजस्वी की बस के आगे प्रोटेस्ट, AIMIM से अलायंस की मांग

बिहार अधिकार यात्रा के तीसरे दिन गुरुवार की रात मधेपुरा के सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत झिटकिया में तेजस्वी को विरोध का सामना करना पड़ा। जब उनकी यात्रा सिंहेश्वर होते हुए मधेपुरा की ओर बढ़ रही थी, तभी बड़ी संख्या में स्थानीय मुस्लिम युवाओं नारेबाजी शुरू कर दी। युवाओं ने AIMIM से गठबंधन की मांग करते हुए कहा कि यदि RJD मुसलमानों की जनसंख्या के अनुरूप उन्हें राजनीति में प्रतिनिधित्व नहीं देगा, तो वे वोट नहीं देंगे। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने AIMIM से ‘गठबंधन नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए। पूरी खबर पढ़ें

12. मुजफ्फरपुर में पिकअप में लगी आग, सड़क पर धू-धूकर जली

मुजफ्फरपुर शहर के व्यस्त इलाके में बीच सड़क पर अचानक पिकअप वैन में आग लग गई। कुछ ही मिनट में आग ने विकारल रूप धारण कर लिया। पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना संजय सिनेमा पुल के पास की है। मुशहरी थाना क्षेत्र निवासी ड्राइवर रोहित कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर से रामनाग पेट्रोल पंप का सामान लोड करके जा रहा था। पुल के पास पहुंचते ही अचानक गाड़ी से धुआं उठने लगा। पूरी खबर पढ़ें

13. मुजफ्फरपुर में BRABU में संयुक्त छात्र संगठन ने किया प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर के बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में संयुक्त छात्र संगठनों का आंदोलन चौथे दिन और उग्र हो गया। शुक्रवार को आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में कुलपति का पुतला फूंका और नारेबाजी की। छात्रों ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा। पूरी खबर पढ़ें

अब वो खबर जो हटकर है

14. राहुल की तुलना कॉमेडी किरदार मिस्टर बीन से

पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर करारा व्यंग्य किया है। दरअसल सांसद डॉ संजय जायसवाल ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल से की गई पोस्ट में राहुल गांधी की तुलना मशहूर कॉमेडी किरदार मिस्टर बीन से कर डाली है। डॉ. संजय जायसवाल ने लिखा कि, ‘टेलीविजन की दुनिया में 2 कमाल के कलाकार हैं। राहुल गांधी और मिस्टर बीन। दोनों अपनी बातों को बेहद गंभीरता से रखते हैं, लेकिन दर्शकों को हंसी रोकना मुश्किल हो जाता है। पूरी खबर पढ़ें

जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

15. प्रदेश के 25 जिलों में कल बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 25 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में मानसून एक हफ्ते तक एक्टिव रहेगा। लगातार हो रही बारिश से नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *