औरंगाबाद शहर के पुरानी जेल रोड स्थित सहकार भवन कक्ष में पैक्स अध्यक्षों की बैठक हुई। अध्यक्षता कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की। बैठक के दौरान जिला सहकार संघर्ष समिति का गठन किया गया।
.
जिसमें संतोष कुमार सिंह को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। समिति में हर एक प्रखंड से एक-एक अध्यक्ष को रखा गया है। मिथिलेश सिंह को सचिव और कपिल कुमार को कोषाध्यक्ष चुना है। बैठक में पैक्स अध्यक्षों को धान अधिप्राप्ति के दौरान होने वाली समस्याओं की चर्चा की गई और इसके निदान के लिए बिंदुवार समस्याओं को मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, सचिव खाद और उपभोक्ता संरक्षण विभाग, सचिव सहकारिता विभाग और जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराने, निदान करने के लिए अनुरोध पत्र उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि मिलरों के गलत रवैया के कारण समिति को कम और आपूर्ति करने में परेशानी हो रही है। ऐसे 3 राइस मिल को चिह्नित किया गया और अगली बार से उस राइस मिल से किसी भी समिति को टैग नहीं करने की मांग की गई।
जिन राइस मिल को चिह्नित किया गया है उनमें ओबरा के देवकली स्थित मां अंबे राइस मिल, सिलाड़ स्थित किशु राइस मिल और बारुण के अदिति देवा राइस मिल शामिल है।
बैठक में शामिल पैक्स अध्यक्ष।
विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा
बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने अपनी मांगों के संदर्भ में भी चर्चा की। पैक्स अध्यक्षों की मांगों में धान अधिप्राप्ति पर 700 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देना, औरंगाबाद जिला को आधा अरवा और आधा उसना सीएमआर जमा करने का लक्ष्य देना, किसानों से धान क्रय के लिए ब्याज सहित ऋण उपलब्ध कराया जाना, खरीद की गई धान की सीएमआर खरीदारी समाप्ति के एक माह के अंदर जमा करवाना, धान क्रय की समय सीमा 1 दिसंबर से 31 मार्च तक करवाना।
धान अधिप्राप्ति और वर्ष 2024 – 25 का बकाया राशि लगभग 72 करोड़ अविलंब समितियां के खाते में उपलब्ध कराना, अधिप्राप्ति वर्ष 2025 – 26 में राज्य खाद्य निगम की ओर से 48 घंटा में के अंदर सीएमआर के बिल का भुगतान समितियों को किया जाना सहित अन्य मांगें हैं।
बैठक में महेश्वर सिंह, मिथिलेश कुमार, पीयूष रंजन, कपिल कुमार, मुकेश कुमार सिंह, अजय कुमार शर्मा, अनिल कुमार सिंह, मनमोहन सिंह, संजय कुमार सिंह, मुकेश पांडेय,शशांक कुमार, अभिजीत कुमार सिंह, उपेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
